देश में LPG संकट के बीच दिल्ली में कांग्रेस ने चूल्हे लेकर प्रदर्शन किया। कई राज्यों में गैस एजेंसियों पर लंबी लाइनें, कॉमर्शियल सिलेंडर की बुकिंग बंद और कालाबाजारी की शिकायतें सामने आ रही हैं।
देश में रसोई गैस की बढ़ती किल्लत के बीच राजधानी दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता विरोध जताने के लिए अपने साथ मिट्टी के चूल्हे लेकर आए और गैस सप्लाई की स्थिति पर सवाल उठाए.बताया जा रहा है कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसका असर भारत में भी दिख रहा है, जहां कई जगह गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं और सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायतें सामने आ रही हैं।
कॉमर्शियल सिलेंडर की बुकिंग 4 दिन से बंद
कई राज्यों में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग पिछले चार दिनों से बंद बताई जा रही है। इस कारण होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा कारोबार प्रभावित हो रहा है.पंजाब में गैस एजेंसी की लाइन में लगे एक बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत होने की खबर सामने आई है। वहीं केरल में गैस की कमी के कारण करीब 40% रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लंबी कतारें
मध्य प्रदेश में गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग लगभग ठप जैसी स्थिति में है। सर्वर संबंधी समस्याओं के कारण भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर सहित कई शहरों में लोग बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं. वेटिंग अवधि 7 से 8 दिन तक पहुंच गई है और गैस एजेंसियों पर भीड़ बढ़ गई है.गैस संकट के बीच इंडक्शन कुकटॉप की मांग अचानक बढ़ गई है। भोपाल में इसकी बिक्री सात गुना तक बढ़ने की जानकारी सामने आई है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लोगों का दावा है कि 950 रुपये वाला सिलेंडर ब्लैक में 1600 रुपये तक में मिल रहा है।
सरकार के प्रमुख कदम
सरकार ने संकट से निपटने के लिए कई कदम उठाए हैं,गैस वितरण की निगरानी के लिए हाई-लेवल कमेटी का गठन, Essential Commodities Act लागू कर सप्लाई पर नियंत्रण, घरेलू सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए 25 दिन का अंतर, जमाखोरी रोकने के लिए OTP और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, रिफाइनरियों को LPG उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए है.