विपक्ष के हंगामे से लोकसभा ठप, कल तक स्थगित हुई कार्यवाही; पीएम मोदी का संबोधन टला

नई दिल्ली। बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के जोरदार हंगामे के चलते संसद का कामकाज लगभग ठप ही रहा. दिनभर में चार बार कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी और आखिरकार शाम करीब 5 बजे सदन को गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया, हंगामे के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन टालना पड़ा।
सुबह से ही नहीं चल पाया सदन
लोकसभा की कार्यवाही सुबह शुरू होते ही विपक्षी सांसद अमेरिका-भारत ट्रेड डील को लेकर हंगामा करने लगे. नारेबाजी, तख्तियां और चेयर की ओर पेपर उछाले जाने से हालात बिगड़ते चले गए. सुबह सदन महज 5 मिनट ही चल सका और फिर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया. दोपहर 12 बजे दोबारा बैठक शुरू हुई, लेकिन हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा था. इसके बाद सदन को 2 बजे तक टाल दिया गया, दोपहर 2 बजे जब कार्यवाही फिर शुरू हुई तो महज 8 मिनट में ही फिर से स्थगन करना पड़ा. शाम 5 बजे आखिरी कोशिश भी नाकाम रही और अंततः लोकसभा को गुरुवार तक स्थगित करना पड़ा
स्पीकर के ऑफिस तक पहुंचा विवाद
हंगामे के बीच लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के कार्यालय में भी माहौल गरमा गया. विपक्ष और बीजेपी सांसदों के बीच तीखी बहस हुई. सामने आए एक वीडियो में विपक्ष की एक महिला सांसद केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेण रिजिजू से बहस करती नजर आ रही हैं, इस घटनाक्रम ने संसद के भीतर और बाहर सियासी तापमान और बढ़ा दिया.
निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर साधा निशाना
लोकसभा में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने गांधी परिवार और कांग्रेस पर लिखी किताबें और नोट्स सदन में दिखाए. उन्होंने आरोप लगाया कि इन किताबों में कांग्रेस और गांधी परिवार की मक्कारी, गद्दारी, भ्रष्टाचार और अय्याशी का जिक्र है, उन्होंने जिन किताबों का हवाला दिया उनमें एडविना एंड नेहरू, रेमिनिसेंस ऑफ द नेहरू एज, द रेड साड़ी, एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर और बोफोर्स गेट जैसी किताबें शामिल रहीं. इस दौरान विपक्षी सांसदों ने फिर चेयर की ओर पेपर उछाले.
ट्रेड डील पर गोयल का बयान, विपक्ष का विरोध
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में अमेरिका-भारत ट्रेड डील को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इसमें भारत के कृषि और खाद्य क्षेत्र के हितों का पूरा ध्यान रखा गया है. उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत के विकास के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा.
सस्पेंड सांसदों का संसद परिसर में प्रदर्शन
लोकसभा से निलंबित विपक्ष के 8 सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया. उनके हाथों में पोस्टर थे, जिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे और तस्वीरें लगी थीं. इन सांसदों को एक दिन पहले चेयर की तरफ पेपर उछालने के आरोप में पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित किया गया था. विपक्ष का कहना है कि सरकार सवालों से भाग रही है जबकि सत्ता पक्ष का आरोप है कि विपक्ष जानबूझकर सदन नहीं चलने दे रहा.
