Indigo: दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो फ्लाइट की मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग, एक इंजन में आई खराबी

दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट के इंजन में तकनीकी खराबी के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर आपातकालीन रूप से उतारना पड़ा। फ्लाइट नंबर 6E-6271 को उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही एक इंजन में गड़बड़ी की सूचना मिली, जिसके बाद पायलट ने अलर्ट जारी करते हुए फ्लाइट को मुंबई डायवर्ट कर दिया।
फ्लाइट ने दिल्ली से रात 8 बजे उड़ान भरी थी और लगभग 9:52 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की गई। इस घटना के दौरान सभी यात्री सुरक्षित रहे। बाद में यात्रियों को गोवा भेजने के लिए इंडिगो ने एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की।
इंडिगो ने बयान जारी कर कहा, “फ्लाइट में टेक-ऑफ के समय तकनीकी गड़बड़ी की पहचान हुई थी, जिसके बाद सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए फ्लाइट को मुंबई उतारा गया। हम इस घटना से हुई असुविधा के लिए यात्रियों से खेद जताते है। सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।”
पटना में हुई एक और घटना
इसी तरह की एक घटना हाल ही में पटना एयरपोर्ट पर हुई, जहां दिल्ली से आई एक इंडिगो फ्लाइट (6E-2482) रनवे पर लैंड करने के बाद दोबारा उड़ गई। बताया गया कि रनवे छोटा पड़ गया था, जिस कारण पायलट ने उड़ान भरने का फैसला किया। कुछ देर बाद फ्लाइट को सुरक्षित तरीके से लैंड कराया गया।
दिल्ली में मौसम के कारण पांच फ्लाइट डायवर्ट
बुधवार को दिल्ली में खराब मौसम के कारण कम से कम पांच फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा। एयर इंडिया और इंडिगो की फ्लाइट्स को जयपुर और अमृतसर की ओर मोड़ा गया।
ड्रीमलाइनर विमानों में हुई सुरक्षा जांच
एअर इंडिया ने हाल ही में अपनी बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट्स की सुरक्षा जांच की, जिसमें फ्यूल कंट्रोल स्विच लॉकिंग सिस्टम को परखा गया। किसी भी विमान में कोई तकनीकी गड़बड़ी नहीं पाई गई। इस जांच के बाद अन्य एयरलाइंस जैसे एअर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और स्पाइसजेट ने भी अपनी फ्लीट में एहतियातन जांच शुरू कर दी है।
