Prajwal Revanna: रेप केस में दोषी पूर्व पीएम देवेगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना, अदालत में ही रो पड़े; कल होगा सजा का ऐलान

Prajwal Revanna: जनता दल (एस) के निष्कासित नेता और पूर्व लोकसभा सांसद प्रज्वल रेवन्ना को बेंगलुरु स्थित जनप्रतिनिधियों की विशेष अदालत ने दुष्कर्म और यौन शोषण के मामले में दोषी ठहराया है।
यह केस 48 साल की एक महिला सहायिका से जुड़ा है, जो हासन जिले के होलेनरसीपुरा स्थित रेवन्ना परिवार के गन्निकाडा फार्महाउस में काम करती थी। आरोप है कि साल 2021 में प्रज्वल रेवन्ना ने उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया और इस पूरी घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड भी किया।
कोर्ट का फैसला सुनते ही रेवन्ना भावुक होकर फूट-फूट कर रो पड़े। उनकी सजा का ऐलान शनिवार को किया जाएगा।
इसके अलावा, 2024 लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हासन जिले में पेन ड्राइव्स में 3,000 से 5,000 कथित अश्लील वीडियो मिलने से हड़कंप मच गया था। इन वीडियोज में प्रज्वल को कई महिलाओं के साथ यौन शोषण करते हुए दिखाए जाने का दावा किया गया।
प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ कुल चार अलग-अलग मामले दर्ज है। इनमें से अभी तक कोर्ट ने उन्हें केवल एक मामले में दोषी करार दिया है। इस पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। पिछले साल 31 मई 2024 को रेवन्ना को जर्मनी से लौटते समय बेंगलुरु एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था।
प्रज्वल रेवन्ना देश के पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा के पोते है। उनके पिता मंत्री और चाचा मुख्यमंत्री रह चुके है। रेवन्ना ने 2019 में हासन से लोकसभा चुनाव जीता था, लेकिन 2024 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। आरोपों के बाद जेडीएस ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था।
विशेष अदालत के न्यायाधीश संतोष गजानन भट शनिवार को प्रज्वल रेवन्ना की सजा का ऐलान करेंगे। बाकी मामलों पर भी आने वाले दिनों में फैसला आने की उम्मीद है।
