नहीं रहीं ‘दूरदर्शन’ की मशहूर एंकर गीतांजलि अय्यर

नहीं रहीं ‘दूरदर्शन’ की मशहूर एंकर गीतांजलि अय्यर
X

नई दिल्ली। दूरदर्शन की पहली अंग्रेजी न्यूज एंकरों में से एक गीतांजलि अय्यर का बुधवार को निधन हो गया। गीतांजलि अय्यर ने 30 से ज्यादा साल तक दूरदर्शन पर एंकरिंग की। 1971 में वह दूरदर्शन से जुड़ी थीं। अपने दशकों लंबे करियर के दौरान उन्हें चार बार सर्वश्रेष्ठ एंकर के पुरस्कार से नवाजा गया।

गीतांजलि अय्यर ने अंग्रेजी में अंडर ग्रेजुएशन की डिग्री ली थी। इसके बाद उन्होंने कोलकाता के लोरेटो कॉलेज से पढ़ाई की थी। गीतांजलि ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से डिप्लोमा भी किया था। किसी जमाने में गीतांजलि अय्यर, मीनू तलवार, नीति रवींद्रन और सलमा सुल्तान टीवी न्यूज इंडस्ट्री की स्टार होती थीं। यह केबल से पहले का दौर था। उस समय दूरदर्शन ही दुनिया के समाचार जानने का जरिया हुआ करता था।

दूरदर्शन में न्यूज एंकर के रूप में सफल करियर के बाद गीतांजलि ने कॉर्पोरेट कम्यूनिकेशन और मार्केटिंग की दुनिया में एंट्री की। वह उद्योग संघ में सलाहकार भी रहीं। उन्होंने धारावाहिक खानदान में भी काम किया।

उस जमाने में काफी जाना-पहचाना चेहरा थीं। न्यूज एंकरिंग के अलावा वह विज्ञापन की इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से दिखीं। गीतांजलि ने तब के समय के कई ब्रांडों के लिए काम किया। गीतांजलि उस जमाने की गिनी-चुनी महिला एंकरों में थीं। उनका दुनिया में न रहना पत्रकारिता जगत में खाली जगह बना गया है। उनकी वह आवाज लोगों को हमेशा याद रहेगी।

Next Story