Exit Poll 2023 : मप्र-छग समेत पांच राज्यों के एग्जिट पोल घोषित, जानिए किस राज्य में किसकी बन रही सरकार

नईदिल्ली। पांच राज्यों में मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 03 दिसंबर को नतीजे आने का इंतजार है। आज तेलंगाना में मतदान समाप्ति के तुरंत बाद विभिन्न एजेंसियों और टीवी चैनलों के एग्जिट पोल आने शुरू हो गए हैं। इन एग्जिट पोलों के अनुसार भाजपा और कांग्रेस के बीच तीन राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कड़ा मुकाबला है, जबकि तेलंगाना में कांग्रेस सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से आगे निकलती दिखाई दे रही है।
विभिन्न चैनल और एजेंसियों की ओर से किए गए सर्वे का औसत अगर देखा जाए तो मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच टक्कर है। दोनों पार्टियां 110 के आंकड़े के नजदीक दिखाई दे रही हैं। राज्य में 230 विधानसभा सीटें हैं। सर्वे के औसत के अनुसार भाजपा कुछ सीटों के अंतर से आगे है।
मप्र के अनुमान -
- Polstrat के exit poll के अनुसार, मप्र में कांग्रेस जीत सकती है। कांग्रेस को यहां पर 111-121 सीटों मिल सकती हैं, वहीँ भाजपा के खाते में 106-116 सीटें जा सकती हैं।
- इंडिया टुडे माय एक्सिस इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक, मध्य प्रदेश में भाजपा को 106-116, कांग्रेस को 111-121 और अन्य को 6 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।
- रिपल्बिक-मैट्रिज के एग्जिट पोल में मध्य प्रदेश में भाजपा को 118-130 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को 97-107 सीटें मिल सकती हैं। अन्य को 0-2 सीटें मिलने का अनुमान है।
छग में कांग्रेस -
छत्तीसगढ़ में एग्जिट पोल कांग्रेस की वापसी की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि भाजपा पिछली बार के मुकाबले ज्यादा सीटें हासिल करेगी। राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस स्पष्ट 45 का आंकड़ा पार करती दिखाई दे रही है और भाजपा 35 से 40 सीटें ले सकती है।
एक्सिस इंडिया के एग्जिट पोल में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 40-50, भाजपा 36-46 और अन्य को 1 से 5 सीटें दी हैं।
इंडिया टीवी के सर्वे के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बढ़त मिलती दिख रही है। एग्जिट पोल के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 46-56 और बीजेपी को 30-40 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, अन्य को 3-5 सीटें मिल सकती हैं।
राजस्थान के परिणाम -
polstrat के सर्वे के मुताबिक यहां भाजपा 100 से 110 सीटें लाकर सबसे बड़ी पार्टी बन सकती है। यहां कांग्रेस के खाते में 90 से 100 सीटें जाती दिख रही हैं। अन्य दल 5 से 15 सीटें ला सकते हैं।
राजस्थान में एंटी इनकंबेंसी के चलते भाजपा कांग्रेस से आगे दिखाई दे रही है। एग्जिट पोल के सर्वे भाजपा की जीत की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि जीत का अंतर बहुत ज्यादा नहीं होगा और कुछ एग्जिट पोल कांग्रेस की वापसी भी दर्शा रहे हैं। औसत को यदि देखा जाए तो भाजपा यहां 200 में से 110 के आसपास सीटें हासिल कर सकती है और कांग्रेस 80 के 90 के बीच में सिमट सकती है।
तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों में विभिन्न एजेंसियों के सर्वे बताते हैं कि यहां कांग्रेस बीआरएस को सत्ता से बाहर कर सकती है। ज्यादातर सर्वे कांग्रेस को 50 से 60 सीटें और बीआरएस को 45 से 50 सीटें दे रही है। इसमें एआईएमआईएम 6 से 7 सीटें और भाजपा 2-5 सीटें हासिल कर सकती है।
3 दिसंबर को आएँगे परिणाम -
बता दें कि मिजोरम में 7 नवंबर को मतदान हुआ , मप्र -छग में 17 नवंबर को मतदान हुआ था। वहीँ राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान हुआ। तेलंगाना में आज मतदान समाप्त हुआ। वास्तविक परिणाम 3 दिसंबर को जारी होंगे।
