Home > देश > संजय सिंह को आज कोर्ट में पेश करेगी ईडी, भाजपा ने केजरीवाल को बताया शराब घोटाले का किंगपिन

संजय सिंह को आज कोर्ट में पेश करेगी ईडी, भाजपा ने केजरीवाल को बताया शराब घोटाले का किंगपिन

संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। आआपा ने कहा है कि भाजपा सरकार राजनीतिक प्रतिशोध में ऐसा कर रही है।

संजय सिंह को आज कोर्ट में पेश करेगी ईडी, भाजपा ने केजरीवाल को बताया शराब घोटाले का किंगपिन
X

नईदिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आम आदमी पार्टी (आआपा) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को दिल्ली सरकार के आबकारी नीति घोटाला मामले में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आज संजय सिंह को कोर्ट में पेश किया जाएगा। संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी आज बीजेपी मुख्यालय का घेराव करेगी। आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। आआपा ने कहा है कि भाजपा सरकार राजनीतिक प्रतिशोध में ऐसा कर रही है। वहीं, भाजपा नेताओं ने कहा है कि आबकारी नीति घोटाले में आआपा नेताओं ने दिल्ली सरकार के करोड़ों के राजस्व को चूना लगाया है। उसी का यह प्रतिफल है।

भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि दिल्ली की जनता को न्याय मिलना शुरू हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल इस शराब घोटाले के किंगपिन हैं और अगली बारी उन्हीं की है। सांसद मनोज तिवारी ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस घोटाले की जांच की आंच सिर्फ संजय सिंह या मनीष सिसौदिया या सत्येन्द्र जैन पर नहीं रहेगी, यह जल्द ही अरविंद केजरीवाल तक भी पहुंचेगी।

वहीं, सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण की दिशा में यह कदम उठाए जा रहे हैं। देश की जांच एजेंसियों का गठन देश के कानून के अनुसार किया गया है ताकि देश में भ्रष्टाचार न हो। हमने उन्हें भ्रष्टाचार करने के लिए नहीं कहा था। अगर उन्होंने भ्रष्टाचार किया है तो जांच होगी और कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी शासन करने और अपने परिवार के कल्याण के इरादे से सिस्टम में आई हैं। यह मोदी सरकार है जिसने 'ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा का फैसला किया है। भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण की दिशा में ये कदम उठाए जा रहे हैं।

Updated : 5 Oct 2023 3:12 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top