अयोध्या में रामलला मंदिर के दान पात्र से राशि की चोरी पर दत्तात्रेय होसबाले ने दुर्भाग्यपूर्ण कहा और हिंदू समाज से विरोधी षड्यंत्रों को विफल करने का आह्वान किया।
अयोध्या में श्री रामलला मंदिर में रखे दान पात्रों में जमा राशि की चोरी को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने शुक्रवार को जारी एक वक्तव्य में कहा कि इस घटना से समूचे समाज और रामभक्तों की भावना एवं श्रद्धा को आघात पहुंचा है तथा इस घटना से हम सभी आहत हैं।
उन्होंने कहा कि हमारा यह विश्वास है कि समुचित वित्तीय प्रबंधन, सुचारू संचालन, निर्दोष एवं पारदर्शी व्यवस्थाओं तथा शुद्धता और पवित्रता से परिपूर्ण, धार्मिकता से ओतप्रोत वातावरण के माध्यम से श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास हिंदू समाज की आस्था एवं विश्वास को सुदृढ़ बनाए रखेगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने संपूर्ण हिंदू समाज से भी आह्वान किया है कि इस कठिन समय में वह आवश्यक धैर्य और संयम का परिचय दे तथा इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिंदू विरोधी एवं राष्ट्रविरोधी शक्तियों द्वारा हिंदू धर्म और समाज को बदनाम करने के षड्यंत्रों को विफल करे।
परिणामकारक कदम उठाए न्यास
सरकार्यवाह श्री होसबाले ने कहा कि श्री रामजन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग एवं बलिदान के कारण संपूर्ण हिंदू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केंद्र बना है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित संपूर्ण हिंदू समाज की न्यास से स्वाभाविक अपेक्षा है कि इस घोर निंदनीय घटना को असाधारण मानते हुए गंभीरता से व्यवस्था एवं संचालन की सभी कमियों को दूर करने के लिए परिणामकारक कदम उठाए जाएं, ताकि अयोध्या मंदिर के प्रति करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा अखंड एवं अटूट बनी रहे। वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी चाहिए।
इस दृष्टि से हमारी अपेक्षा है कि मंदिर प्रबंधन तथा शासन द्वारा गठित विशेष जांच दल सभी आवश्यक पहल करेंगे। उन्होंने कहा कि श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रहपूर्ण निवेदन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल का गठन किया है और उसकी अनुशंसा पर कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें कठोर दंड मिले, यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।