प्यार में बदले की खौफनाक कहानी: महिला डॉ ने पूर्व प्रेमी की पत्नी को लगाया HIV इंजेक्शन

प्यार में बदले की खौफनाक कहानी: महिला डॉ ने पूर्व प्रेमी की पत्नी को लगाया HIV इंजेक्शन
X
आंध्र प्रदेश में प्रेम प्रसंग से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया। पूर्व प्रेमी की पत्नी को सड़क हादसे के बहाने HIV इंजेक्शन लगाया।

कुर्नूलः प्यार में धोखा मिलने का गुस्सा किस हद तक खतरनाक हो सकता है, इसका चौंकाने वाला उदाहरण आंध्र प्रदेश के कुरनूल से सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पूर्व प्रेमी की शादी किसी और से होने के बाद बदले की ऐसी साजिश रची, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया। आरोप है कि महिला ने सड़क हादसे का नाटक रचकर पूर्व प्रेमी की पत्नी को मदद के बहाने HIV संक्रमित इंजेक्शन लगा दिया।

इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पीड़िता पेशे से डॉक्टर है और एक निजी मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है।

सड़क हादसे का ड्रामा, फिर इंसानियत का दिखावा

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला बी बोया वसुंधरा (34), अडोनी के एक निजी अस्पताल में काम करने वाली नर्स कोंग ज्योति (40) और उसके दो बच्चों ने मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया। सभी आरोपियों को 24 जनवरी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि 9 जनवरी की दोपहर करीब 2:30 बजे, जब पीड़िता ड्यूटी खत्म कर स्कूटर से लंच के लिए घर लौट रही थी। इसी दौरान विनायक घाट के पास केसी नहर के नजदीक जानबूझकर उसके स्कूटर को टक्कर मारी गई। हादसे में वह सड़क पर गिर पड़ी और घायल हो गई।

मदद का दिखावा कर लगाया HIV इंजेक्शन

हादसे के बाद आरोपी मदद करने के बहाने पीड़िता के पास पहुंचे। आरोपी महिला को ऑटो रिक्शा में अस्पताल ले जाने का दिखावा करते हुए वसुंधरा ने कथित तौर पर पीड़िता को HIV संक्रमित इंजेक्शन लगा दिया। जब पीड़िता ने दर्द और शक के चलते शोर मचाया, तो आरोपी मौके से फरार हो गए।

सरकारी अस्पताल से जुटाए थे HIV सैंपल

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने पहले सरकारी अस्पताल में भर्ती मरीजों से यह कहकर HIV संक्रमित खून के सैंपल जुटाए थे कि उन्हें रिसर्च के लिए जरूरत है। आरोपी महिला का दावा है कि उस संक्रमित खून को फ्रिज में रखा गया और बाद में उसी का इस्तेमाल हमले के दौरान किया गया।

पूर्व प्रेमी की शादी बनी बदले की वजह

पुलिस का कहना है कि वसुंधरा अपने पूर्व प्रेमी की दूसरी शादी को स्वीकार नहीं कर पा रही थी। इसी कारण उसने दंपती को अलग करने की साजिश रची और पत्नी को निशाना बनाया। पीड़िता के पति, जो स्वयं डॉक्टर हैं, ने 10 जनवरी को कुरनूल III टाउन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

Tags

Next Story