कुछ भी गलत नहीं हुआ: अकाल तख्त मुख्य ग्रंथी ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी की हत्या को बताया सही

अकाल तख्त मुख्य ग्रंथी ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी की हत्या को बताया सही
X

अमृतसर। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी की हत्या का मामला इस समय पंजाब में चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन का वादा किया गया है। हत्याकांड और पुलिस के एक्शन के बीच अकाल तख्त के मुख्य ग्रंथी का एक बयान सामने आया है। अपने बयान में उन्होंने कंचन कुमारी की हत्या को सही बताया है।

अकाल तख्त के मुख्य ग्रंथी ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी की हत्या को उचित ठहराते हुए कहा कि "कुछ भी गलत नहीं हुआ है" और किसी को भी अश्लील गाने नहीं सुनने चाहिए।

कंचन को 'कमल कौर भाभी' के नाम से भी जाना जाता था। उनको कथित तौर पर उनके वीडियो में अश्लीलता को बढ़ावा देने के लिए निशाना बनाया गया था। 9 जून को उनकी हत्या कर दी गई थी और उनका शव बठिंडा में एक लावारिस कार में मिला था।

सिख धर्म की सर्वोच्च धार्मिक पीठ अकाल तख्त के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी मलकीत सिंह ने सोमवार को कहा, "सिख धर्म की शिक्षा के अनुसार, हिंदुओं और मुसलमानों सहित किसी को भी अश्लील गाने नहीं सुनने चाहिए, खासकर युवा सिख पीढ़ी को।"

कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर लुधियाना के शिमलापुरी इलाके की रहने वाली थी। वो अपनी मां के साथ रहती थी। उनके पिता का डेढ़ साल पहले निधन हो गया था। इंस्टाग्राम पर उनके 3.86 लाख फॉलोअर्स थे और वे अपने विवादित और बोल्ड कंटेंट को लेकर अक्सर चर्चा में रहती थी।

बठिंडा पुलिस ने 13 जून को जसप्रीत सिंह मेहरोन और निमरतजीत सिंह हरिके को गिरफ्तार किया। मास्टरमाइंड के रूप में पहचाने जाने वाले अमृतपाल सिंह मेहरोन अपराध के कुछ घंटों बाद यूएई भाग गए।

Tags

Next Story