हवा के साथ सांसों में घुला जहर, आँखों में जलन और घुटते दम के साथ घर-मोहल्ला छोड़कर भागे लोग

हवा के साथ सांसों में घुला जहर, आँखों में जलन और घुटते दम के साथ घर-मोहल्ला छोड़कर भागे लोग
X

मठकरी कॉलोनी स्थित बर्फ फैक्ट्री से हुआ जहरीली अमोनिया गैस का रिसाव, बड़ा हादसा टला

-निज प्रतिनिधि-

गुना। समय रात 8.30 बजे, स्थान मठकरी कॉलोनी, अचानक पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से निकलकर बदहवास सडक़ों पर दौड़ते-भागते दिखाई दिए। उनकी आँखें जल रहीं थीं तो दम सा घुटता प्रतीत हो रहा था। ऐसा लग रहा था जैसे हवा में जहर घुल गया हो और लोग उसने बचने दूर जाने का प्रयास कर रहे हो। इसके मद्देनजर थोड़ी ही देर में अधिकांश घर खाली हो गए तो कॉलोनी में सन्नाटा सा पसर गया । करीब आधे, एक घंटे के बाद माहौल सामान्य हो सका और लोग अपने घरों में लौट पाए। इस बीच सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुँच गई थी। जांच में सामने आया कि ऐसी स्थिति क्षेत्र में स्थित एक बर्फ फैक्ट्री से जहरीली अमोनिया गैस के रिसाव के कारण बनी है। गौरतलब है कि इससे पहले भुल्लनपुरा स्थित मुस्कान बर्फ फैक्ट्री से इसी गैस का रिसाव हो चुका है, जिससे ऐसी ही स्थिति पूर्व में भी बनी थी। इसके बाद भी जिम्मेदारों ने जिम्मेदारी निभाकर कोई कार्रवाई नहीं की। रहवासियों ने इस तरह की बर्फ फैक्ट्रियों को रहवासी क्षेत्र से हटाने की मांग की है।

कोई बिस्तर के हवाले था तो हो रही थी चहकदहमी

मंगलवार-बुधवार की दरम्यिान रात करीब 8.30 बजे का समय था। रोज की अपेक्षा ठंड का जोर कुछ कम था। इसके चलते कुछ लोग बिस्तर के हवाले होकर टीवी से चिपके हुए थे तो कॉलोनी में चहकदहमी का आलम देखने को मिल रहा था। इसी बीच अचानक लोगों की सांसें उखड़ने लग गईं। ऐसा लग रहा था जैसे हवा के साथ उनकी सांसों में जहर घुल रहा हो। इसके चलते लोग बद्हवास हो गए। उनकी आंखों में जलन मचने लगी तो दम भी घुटने लगा। कुछ लोगों को इसके चलते उल्टियां भी हुईं। घरों से लोग बाहर निकलकर वस्तुस्थिति जानने का प्रयास करने लगे तो बाहर चहकदहमी कर रहे लोगों को भी उन्होने अपने जैसी स्थिति में ही पाया। इसके बाद पूरी कॉलोनी में भगदड़ जैसा माहौल हो गया। लोग कॉलोनी छोड़कर कहीं दूर निकल जाने की कोशिश करते रहे। लोग मुँह, नाक पर रुमाल रखकर सामान्य रहने की कोशिश कर रहे थे। महिलाओं और बच्चों की हालत ज्यादा खराब थी।

एक घंटे बाद स्थिति हो सकी सामान्य

कॉलोनी में अफरा-तफरी जैसी स्थिति के चलते लोग सड़कों पर आ गए थे, जिससे मार्ग का यातायात भी रुक गया। इसकी सूचना पुलिस तक भी पहुँची। जिसके बाद डायल 100 मौके पर पहुँची। पुलिसकर्मियों को भी इस बीच अपना दम घुटता महसूस हुआ। बाद में किसी तरह उन्होने घटना की जानकारी जुटाई तो पता चला कि कॉलोनी में स्थित बर्फ फैक्ट्री से अमोनिया गैस का रिसाव हुआ है। जिसे फैक्ट्री कर्मचारी रोकने के लिए मशक्कत कर रहे है। रिसाव हालांकि कुछ देर में रोक लिया गया, किन्तु कॉलोनी में स्थिति करीब एक घंटे बाद ही सामान्य हो सकी। इसके बाद लोगों का अपने घरों की और लौटना शुरु हुआ, हांलाकि इस बीच उनके चेहरों पर घटना की दहशत अलग ही देखने को मिल रही थी। बाद में पुलिस घटना को लेकर प्रबंधन से काफी देर तक पूछताछ करती रही।

पूर्व में मुस्कान बर्फ फैक्ट्री से रिसी थी जहरीली गैस

बर्फ फैक्ट्री से जहरीली अमोनिया गैस रिसने की यह पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी फैक्ट्री से इसी जहरीली गैस का रिसाव हो चुका है। हालांकि तब फैक्ट्री यह न होकर भुल्लनपुरा स्थित मुस्कान बर्फ फैक्ट्री थी। समय भी लगभग यहीं था। तब भी पूरे क्षेत्र में ऐसी ही स्थिति निर्मित हो गई थी और लोगों को अपना दम घुटता प्रतीत हुआ था।

कुछ देर और रिसती गैस तो गंभीर हो जाते हालात

जानकारों का मानना है कि जो गैस रिसी है, वह काफी जहरीली होती है। इसके साथ ही हल्की होने के चलते हवा में तेजी से घुलती है। ईश्वर की कृपा रही कि गैस के रिसाव पर समय रहते काबू पा लिया गया। अगर गैस का रिसाव थोड़ी देर और होता रहता तो हालात काफी गंभीर हो जाते और बड़ा हादसा हो सकता था। दूसरी ओर घटना को लेकर रहवासियों में काफी आक्रोष देखने को मिला। उनका कहना रहा कि रहवासी क्षेत्र में इस तरह की फैक्ट्री संचालित नहीं होनी चाहिए। जब भुल्लनपुरा स्थित फैक्ट्री से उक्त जहरीली गैस का रिसाव हुआ था, तब ही प्रशासन को चेत जाना चाहिए था, किन्तु ऐसा नहीं किया गया, जिससे फिर ऐसी स्थिति बनी।


Next Story