पुल मरम्मत में बरती जा रही लापरवाही

पुल मरम्मत में बरती जा रही लापरवाही
X

गुना। शहर के बीचों-बीच स्थित जर्जर हो चुके महावीरपुरा रेलवे ओवरब्रिज की मरम्मत के दौरान लोक निर्माण विभाग द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। दरअसल पुल पर आवागमन रोके बिना ही उसकी मरम्मत की जा रही है तो मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी भी मौजूद नहीं रहता है। इसके साथ ही डिवायडर तोडऩे के बाद पुल पर आवागमन और खतरनाक हो चुका है। गुरुवार को यहां मरम्मत के दौरान तेल फैल गया। जिससे फिसलकर कई वाहन चालक घायल हो गए।

1.40 करोड़ से हो रही मरम्मत

गौरतलब है कि रेलवे ओवरब्रिज काफी जर्जर हो चुका है। जगह-जगह पुल में गड्डे है तो पुल के बीच की जगह ढंकने के लिए सालों से यहां डिवायडर कायम है। जिससे पुल के बीच वाहनों का आवागमन न हो। इस समस्या को नपाध्यक्ष राजेन्द्र सलूजा ने गंभीरता से उठाकर शासन से मरम्मत की मांग की थी। इसके बाद 1.40 करोड़ की राशि इस हेतु स्वीकृत की गई है। जिससे इन दिनों पुल की मरम्मत की जा रही है। मरम्मत के दौरान डिवायडर को तोड़ दिया गया है।

सुरक्षा का नहीं रखा जा रहा ध्यान

ओवरब्रिज की मरम्मत के दौरान लोगों की सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। पुल पर दिन भर मरम्मत कार्य चलता रहता है और इस दौरान आवागमन भी बदस्तूर जारी रहता है। जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। यह आशंका मरम्मत के दौरान बीच का डिवायडर टूटने और यहां काफी खाली स्थान निकलने के बाद और बढ़ गई है। ईश्वर की कृपा है कि यहां अभी तक कोई हादसा नहीं हुआ है।

कई वाहन चालक हुए चोटिल

गुरुवार को मरम्मत के दौरान यहां अॅायल फैल गया। ऑयल एक तरफ काफी दूर तक फेंला। जिससे यहां निकलने वाले वाहन फिसलने लगे। इस दौरान कई वाहन चालक गिरने से चोटिल भी हुए। हालांकि बाद में समझ आने के बाद लोग दूसरी तरफ से निकलने लगे।

पूरे पुल की होना है मरम्मत

करीब 30 साल पुराने इस पुल की 1 करोड़ 50 लाख से पूरी मरम्मत होना है। जहां पुल के गड्ढे भरे जाना है तो उसके बीच की जगह को भी खत्म करना है। इसके लिए सबसे पहले पुल के बीचों-बीच स्थित डिवायडर को तोड़ा गया है। इसके बाद जगह को भरने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। साथ ही पुल की रैलिंग भी जगह-जगह से उखड़ गई है तो फुटपाथ भी कई स्थानों पर टूट गया है। मरम्मत के दौरान इन्हे भी दुरुस्त किया जाएगा।

Next Story