लक्ष्मण सिंह ने राहुल गांधी और हाईकमान को लिया निशाने पर: मुझसे कहा था लिखकर दो राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे, नहीं दिया तो पार्टी से निकाला…

मुझसे कहा था लिखकर दो राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे, नहीं दिया तो पार्टी से निकाला…
X

गुना। कांग्रेस से निकाले जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई एवं पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह अब खुलकर सामने आ गए हैं। निष्कासन के एक दिन बाद गुरुवार को उन्होंने एक निजी होटल में पत्रकारों से चर्चा की।

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस हाईकमान के साथ ही राहुल गांधी को निशाने पर लिया। पूर्व सांसद ने कहा कि पार्टी ने नोटिस का जवाब देने के दौरान उनसे कहा था कि लिखकर दो कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। कार्रवाई नहीं होगी। सिंह के अनुसार वह कोई ज्योतिषी तो हैं नहीं जो यह बताएं कि कौन प्रधानमंत्री बनेगा और कौन नहीं? इसलिए जब उन्होंने मना कर दिया तो पार्टी से निकाल दिया।

मैं कांग्रेसी था, कांग्रेसी हूँ

सिंह ने कहा कि वह कांग्रेसी थे, कांग्रेसी हैं और कांग्रेसी रहेंगे। कांग्रेस के नए रूप के लिए वह जल्द पदयात्रा निकालेंगे। उन्होंने निष्कासन को सच बोलने की सजा बताया है। नई पार्टी के गठन पर विचार करने की बात भी वह कह रहे हैं।

उन्होंने कहा मैं भाजपा में जाउँगा नहीं और वह मुझे लेेंगे भी नहीं। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि जिसकी खुद की बारात नहीं निकली, वो बारात के घोड़े, लंगड़ा घोड़ा और रेस के घोड़े की बात कर रहा है। उन्हें क्या पता होगा कि बारात का घोड़ा कैसे चलता है? जो उनके पिताजी के उम्र के लोग हैं, उनके पिताजी के साथ जिन्होंने काम किया है, उनका अपमान इस तरह से किया जा रहा है। यह कौन सा संस्कार है। ऐसे व्यक्ति को क्या हम लीडर मान सकते हैं? जो मान रहे हैं, मुझे तो उन पर भी आश्चर्य होता है।

जो कहा उसका अफसोस नहीं

सिंह ने कहा कि पहलगाम हमले को लेकर उन्होंने जो कहा है उसका उन्हें अफसोस नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उस बयान का समर्थन किया था। जब कार्यकर्ता उनके साथ थे, तो हाईकमान को क्या आपत्ति थी? इस तरह की बात तो वह पहले भी बोलते रहे हैं। तब कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा निष्कासन के बाद उन्होंने सोचा कि सबसे पहले गुना में ही अपनी बात रखूं। कारण वह यहीं के रहने वाले है। यहीं से राजनीति शुरू की है।

Tags

Next Story