दिग्गी की प्रतिष्ठा दांव पर

गुना। चाचौड़ा में भाजपा ने वर्तमान विधायक ममता मीना पर ही भरोसा जताया था, तो कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के अनुज पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने उन्हें चुनाव में कड़ी टक्कर दी। कुल आठ प्रत्याशियों के साथ इन दोनों का भाग्य भी ईवीएम में बंद है।
वर्ष 2013 में यहां चार बार से विधायक रहे शिवनारायण मीना को भाजपा प्रत्याशी ममता मीना ने करीब 30 हजार मतों से करारी शिकस्त दी थी। तभी से इस विधानसभा में ममता का बोलबाला रहा है, जिसे खत्म करने के लिए कांग्रेस ने चुनाव में काफी मेहनत की है। खासकर अपने प्रभाव वाली इस सीट को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाया था। इस सीट को जिताने के लिए लक्ष्मण सिंह के भाई एवं पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने खुद मोर्चा संभाला था। उन्होंने यहां पांच सभाओं को संबोधित किया था। वहीं भाजपा की ओर से सिने स्टार और सांसद हेमा मालिनी और सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सभाएं लीं। अंतिम दिन मधुसूदनगढ़ में शिवराज सिंह व दिग्विजय सिंह आगे-पीछे सभाएं लेने पहुंचे। दोनों ओर से लगातार आरोप-प्रत्यारोपों का दौर जारी रहा। इस विधानसभा के नतीजों पर भी पूरे जिले सहित प्रदेश की नजर है और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की साख भी दांव पर लगी हुई है। (हिस)
