Home > राज्य > मध्यप्रदेश > गुना > एक बार नहीं बल्कि 17 बार करुंगा ऐसे ही घुटने टेककर जनता को प्रणाम : शिवराज सिंह

एक बार नहीं बल्कि 17 बार करुंगा ऐसे ही घुटने टेककर जनता को प्रणाम : शिवराज सिंह

एक बार नहीं बल्कि 17 बार करुंगा ऐसे ही घुटने टेककर जनता को प्रणाम : शिवराज सिंह
X

एक बार नहीं बल्कि 17 बार करुंगा ऐसे ही घुटने टेककर जनता को प्रणाम : शिवराज सिंह

गुना। मंदसौर की सभा में मंच पर जनता के समक्ष घुटने टेककर प्रणाम करने पर कांग्रेस के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वह एक बार नहीं, बल्कि 17 बार ऐसे ही घुटने टेककर जनता को प्रणाम करते रहेंगे। कांग्रेसियों को जितना जलना और चौंकना है जलते रहे और चौंकते रहे। मुख्यमंत्री सोमवार को बमौरी विधानसभा उपचुनाव को लेकर परवाह में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर सांसद डॉ. केपी यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह सिकरवार, गुना विधायक गोपीलाल जाटव, चुनाव संचालक हरि सिंह यादव, ओएन शर्मा, राजेन्द्र सलूजा, श्रीमती ममता मीना, राधेश्याम पारीख, महैन्द्र सिंह किरार, हेमराज किरार, विकास जैन नखराली, संतोष धाकड़, रमेश मालवीय, धर्मेन्द्र सिकरवार आदि मौजूद रहे।

घुटने नहीं टेंके, बल्कि अपने संस्कार बताए

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होने घुटने नहीं टेके है, बल्कि अपने संस्कार बताए है। जो भाजपा का भी संस्कार है। चौहान के मुताबिक कांग्रेस का संस्कार ही रहा है जनता को कुचलना। इसलिए जब उन्होने घुटनों पर बैठकर जनता को प्रणाम किया तो कांग्रेसी चौंक गए। घुटने टेक दिए, घुटने टेक दिए का शोर मचाने लग गए। अरे कांग्रेसियों तुम क्या जानो संस्कार ? तुम्हारा संस्कार जनता को कुचलना रहा है और हमारा जनता को प्रणाम करना। उनके लिए तो उनकी जनता ही भगवान है। मध्य प्रदेश उनका मंदिर है और वह जनता का पुजारी शिवराज सिंह चौहान है।

15 माह में बर्बाद कर दिया मेरा प्रदेश

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 15 माह में कांग्रेसी सरकार ने उनके प्रदेश को बर्बाद करके रख दिया। 15 साल बाद लौटे थे तो लूटखसोट में जुट गए। जनता के कल्याण की सारी योजनाएं बंद कर दीं। कर्ज माफी के नाम पर किसानों को छला। फसल बीमा योजना का भी लाभ नहीं दिया। कमलनाथ कांग्रेस सरकार में हर समय पैसों का रोना रहे, किन्तू भाजपा सरकार में उन्होने पिछले 5 माह में 23000 करोड़ से अधिक की राशि गरीबों के कल्याण पर खर्च कर दी। उन्होने कहा कि जनकल्याण में वह पैसों का रोना कभी नहीं रोएंगे।

गद्दार नहीं, खुद्दार है सब

मुख्यमंंत्री ने राज्य सभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित विधायकों को गद्दार बताने के कांग्रेसी आरोप को लेकर कहा कि सिंधिया सहित वह सब गद्दार नहीं, बल्कि खुद्दार है। उन्होने कहा कि यह वो लोग है, जिन्होने सत्ता के लिए मंत्री पद के लिए विनाश का साथ नहीं देकर, विकास के लिए सत्ता और पद की बली दे दी। अब इन सभी को आपके आशीर्वाद की आवश्यकता है। जिससे यह भाजपा की सरकार में विकास को गति प्रदान कर सकें। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में विकास की नए आयाम लिखे जाएंगे। उन्होने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि कमर कसकर मैदान में जुट जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हर हाल में उपचुनाव में भाजपा की जीत जरुरी है। जिससे हमारी यह सरकार स्थाई हो जाए। इसके बाद हम विकास को और गति प्रदान कर सकेंगे।

नारियल नहीं तो क्या शैम्पेन लेकर घूमूं

मुख्यमंत्री ने कहा कि कमल नाथ बड़े परेशान हैं। वे कहते हैं कि मामा तो जेब में नारियल लेकर चलता है। नारियल तो भगवान पर चढ़ाते हैं। मंदिर में जाकर नारियल चढ़ाते हैं। अरे भई, जनता भी भगवान है। जनता नारियल देती है। वह नारियल चढ़ा देते हैं। अब उन्हें बताओ कि नारियल लेकर नहीं घूमूं तो क्या शैम्पेन की बोतल लेकर घूमूं।

जोरदार किया गया स्वागत

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का इससे पहले परवाह आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से गुना से परवाह पहुँचे। इस दौरान हवाई अड्डे से लेकर कार्यक्रम स्थल तक उनका फूलों की पंखखुडिय़ों से स्वागत किया गया। इसको लेकर मुख्यमंत्री भी अविभूत देखने में आए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री का भाषण भी उत्साह और ऊर्जा से लबारेज रहा। अपने चिरपरिचित अंदाज में जहां उन्होने प्रदेश एवं देश की भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रहीं जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया तो कांग्रेस पर भी जबर्रदस्त हमले बोले। इतना ही नहीं, उन्होने कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के भी सिलसिलेवार जवाब दिए।

Updated : 12 Oct 2020 3:36 PM GMT
author-thhumb

स्वदेश गुना

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top