Home > एक्सक्लूसिव > स्वदेश के साथ चर्चा में बोले मंत्री महेंद्र सिंह - पार्टी के आदेश पर राधौगढ़ भी फतह करने तैयार हूँ

स्वदेश के साथ चर्चा में बोले मंत्री महेंद्र सिंह - पार्टी के आदेश पर राधौगढ़ भी फतह करने तैयार हूँ

स्वदेश के साथ चर्चा में बोले मंत्री महेंद्र सिंह - पार्टी के आदेश पर राधौगढ़ भी फतह करने तैयार हूँ
X

ग्वालियर/अजय खेमरिया। प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया ने विधानसभा उप-चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर अपनी सशक्त राजनीतिक जमीन का परिचय दिया है। राजनीति के जानकर मानते हैं कि सिसौदिया अंचल के ऐसे नेता हैं जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह को उनके घर यानि राधौगढ़ में चुनौती दे सकते हैं। स्वदेश के साथ एक अनौपचारिक भेंट में श्री सिसौदिया ने कहा कि कांग्रेस अब इतिहास है और पार्टी आदेश देगी तो वह राधौगढ़ का किला भी आगामी विधानसभा चुनाव में ध्वस्त कर सकतें हैं। श्री सिसौदिया विगत तीन दिवस से अपने नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद प्रथम नगर आगमन की तैयारियों को लेकर व्यस्त हैं। आपने कहा कि श्री सिंधिया न केवल अंचल अपितु देश के लोकप्रिय जननेता हैं और उनका स्वागत एक नया इतिहास लिखेगा। उनसे हुई बातचीत में उनका एक परिपक्व नेता का रूप भी सामने आया।

देखें वीडियो

साथ ही प्रस्तुत है उनसे हुई चर्चा के कुछ संपादित अंश...

सवाल:- देश के सबसे लोकप्रिय नेता कौन हैं?

सिसौदिया:- बेशक नरेंद्र मोदी जी, वे देश ही नहीं दुनिया के भी सबसे लोकप्रिय नेता हैं।

सवाल:- मप्र के सबसे लोकप्रिय नेता?

सिसौदिया:- बेशक शिवराज जी और सिंधिया जी।

सवाल:- सिंधिया जी की मौजूदा भूमिका से कितने संतुष्ट हैं?

सिसौदिया:- महाराज सर्वकालिक नेता हैं। कहा गया था कि नागरिक उड्डयन कम महत्व का मंत्रालय है लेकिन उन्होंने 100 दिन में ही दिखा दिया कि उनके अंदर कितनी क्षमताएं है। आज राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय की चर्चा हैं। महाराज हर भूमिका में सर्वोत्कृष्ट देने वाले नेता हैं।

सवाल:- दिग्विजयसिंह कैसे नेता हैं?

सिसौदिया:- उन पर क्या कहूँ...सब जानते हैं, आज वे अप्रसांगिक है और उन्होंने कांग्रेस पार्टी को भी अप्रासंगिक बना दिया है।

सवाल:- जयवर्धन सिंह का भविष्य कैसा है?

सिसौदिया:- वह मुझे दादा कहते हैं, पढ़े-लिखे युवा हैं लेकिन दादा के नाते उन्हें मेरी सलाह है कि अपने पिता की छाया से बाहर निकलें और भाजपा में आकर राजनीति करें, क्योंकि कांग्रेस अब इतिहास की विषय वस्तु बन चुकी है। मैं उन्हें भाजपा ज्वाइन करने की सीधी सलाह दूंगा।

सवाल:- क्या हमेशा भाजपा में रहेंगे?

सिसौदिया:- जीवन के अंतिम क्षण तक मैं भाजपा में ही रहूंगा। यह पार्टी मेरी आत्मा की आवाज के नजदीक है। कांग्रेस में रहते हुए जीवन भर अन्याय के शिकार रहे हैं। अंतर्मन में भाजपा की राष्ट्रवादी सोच खासकर अंत्योदय को लेकर मैं कांग्रेस में रहकर अपराधबोध सा महसूस करता था, सिंधिया जी की कृपा से आज राजनीतिक रूप से आत्मिक सुख महसूस करता हूँ। इसलिए अब भाजपा ही मेरा घर है।

सवाल:- पार्टी में नेता, मंत्री, कार्यकर्ता में से किस भूमिका में स्वीकार करना चाहते हैं?

सिसौदिया:- भाजपा में आकर कार्यकर्ता पद के मर्म को समझा है। चाहूंगा हमेशा पार्टी का कार्यकर्ता बनकर रहूं।

सवाल:- कार्यकर्ता के रूप में क्या हर भूमिका के लिए तैयार हैं?

सिसौदिया:- हाँ, हर भूमिका, हर जवाबदेही के लिए डॉ. महेंद्र सिंह सिसौदिया हमेशा तैयार हैं।

सवाल:- क्या बमौरी विधानसभा के बाहर भी अपनी भूमिका के लिए तैयार हैं?

सिसौदिया:- बेशक पार्टी का हर आदेश शिरोधार्य है।

सवाल:- क्या राधौगढ़ में किला फतह करने भी जा सकते हैं 2023 में?

सिसौदिया:- किला अब अजेय नहीं है, पार्टी आदेश देगी तो इसके लिए भी तैयार हूँ।

सवाल:- क्या यह माना जाए कि 2023 में भाजपा गुना की चारों सीटें जीतेगी और आप इसके लिए हर भूमिका में तैयार हैं?

सिसौदिया:- 2023 में गुना जिला कांग्रेस मुक्त होगा, यह आज 2021 में दावा कर रहा हूँ।

सवाल:- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पांच खूबियां?

सिसौदिया:- लोकप्रिय नेता, संवेदनशील, कुशल प्रशासक, सह्रदय और हर व्यक्ति की चिंता करने वाले नेता हैं।

सवाल:- सिंधिया जी की पांच खूबियां?

सिसौदिया:- मुख्यमंत्री जी की तरह यह सभी खूबियां महाराज में भी हैं।

सवाल:- क्या सिंधिया जी को मुख्यमंत्री बनना चाहिए?

सिसौदिया:- सिंधिया जी सार्वजनिक जीवन में सेवा के प्रतीक हैं, वे पद के लिए राजनीति नहीं करते हैं। उनका मूल मन्तव्य जनसेवा है, जो जवाबदेही मिलती है उसे पूरी निष्ठा से निभाते हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय में उनका 100 दिन का काम इसकी पुष्टि करता है।

सवाल:- क्या सिंधिया जी के साथ भाजपा के मूल कार्यकर्ताओं का साम्य एक समस्या है?

सिसौदिया:- महाराज एक परिवार भाव के साथ भाजपा में हैं। हम सभी ने इस भाव को आत्मसात किया है और आज मैं देख रहा हूँ कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता उतने ही प्रफुल्लित हैं जितने हम लोग। कहीं कोई गतिरोध नही हैं सब एक परिवार है।

सवाल:- केन्द्रीय मंत्री बनने के बाद श्री सिंधिया का किस तरह स्वागत किया जा रहा है?

सिसौदिया:- श्री सिंधिया जननेता हैं, जनता उन्हें बेहद चाहती है इसलिए चंबल पुल से ग्वालियर तक एक लाख से अधिक लोग उनका आत्मीयता से स्वागत करेंगे। उनके स्वागत के लिए जनता पलक पावड़े बिछाए हुए है।

Updated : 23 Sep 2021 2:44 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top