Home > मनोरंजन > 35 साल की हुईं बॉलीवुड की 'मस्सकली'

35 साल की हुईं बॉलीवुड की 'मस्सकली'

35 साल की हुईं बॉलीवुड की मस्सकली
X

मुंबई। अभिनेत्री सोनम कपूर बॉलीवुड में अपने बिंदास अंदाज, बेबाकी एवं अपने फैशन सेन्स को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहती हैं। चुलबुली अभिनेत्री सोनम कपूर आज अपना 35वां जन्मदिन मना रही हैं। सोनम कपूर का जन्म 9 जून, 1985 को मुंबई में हुआ था। सोनम कपूर मशहूर अभिनेता अनिल कपूर की बड़ी बेटी हैं। पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए उन्होंने भी अपने करियर के रूप में अभिनय को चुना। सोनम कपूर ने साल 2005 में फिल्म 'ब्लैक' से बॉलीवुड में कदम रखा। रानी मुखर्जी और अमिताभ बच्चन अभिनीत फिल्म 'ब्लैक' में सोनम ने बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया। इसके बाद उन्होंने साल 2007 में बतौर अभिनेत्री फिल्म 'सांवरियां' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित फिल्म 'सांवरियां' में सोनम के अपोजिट रणवीर कपूर थे। फिल्म में सोनम के अभिनय को काफी पसंद किया गया। इस फिल्म से वह पहली बार बड़े पर्दे पर आई और खूब सुर्खियों में रही।

इसके बाद सोनम साल 2009 में अभिषेक बच्चन के साथ फिल्म 'दिल्ली 6' में नजर आई। इस फिल्म में सोनम का बोल्ड अंदाज लोगों को बहुत पसंद आया। हालांकि फिल्म कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन फिल्म के गाने काफी पॉपुलर हुए। इस फिल्म का एक गाना 'मस्सकली' के बाद से ज्यादातर लोग सोनम को इसी नाम से बुलाने लगे थे। इसके बाद सोनम की कई फिल्मे एक के बाद एक रिलीज हुई। साल 2013 में रिलीज हुई फिल्म 'रांझणा' में सोनम कपूर के अभिनय को लोगों ने काफी सराहा। इस फिल्म में वह साउथ फिल्मों के सुपरस्टार धनुष और स्वरा भास्कर के साथ नजर आई थी।

सोनम ने साल 2016 में नीरजा भनोट की जीवन पर आधारित फिल्म 'नीरजा' में अभिनय किया और इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर क्रिटिक्स अवार्ड और नेशनल फिल्म अवार्ड भी मिला। यह फिल्म भी बॉलीवुड की महिला नायिका फिल्मों में सर्वाधिक कमाई करने वाली फिल्मो में से एक है। सोनम कपूर आखिरी बार साल 2019 में अभिषेक शर्मा द्वारा निर्देशित फिल्म 'द जोया फैक्टर' में नजर आई थी। यह एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म थी। सोनम की प्रमुख फिल्मों में आई हेट लव स्टोरी, थैंक्यू , मौसम, प्लेयर्स, भाग मिल्खा भाग, खूबसूरत, डॉली की डोली, प्रेम रत्न धन पायो, पैडमैन, वीर द वेडिंग, एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा आदि शामिल हैं। सोनम कपूर ने बिजनेसमैन आनंद ए आहूजा को दो साल डेट करने के बाद उनसे शादी कर ली। सोनम इन दिनों फिल्मों से दूर हैं, लेकिन अपने फैशन सेन्स की वजह से वह हमेशा सुर्खियों में छाई रहती हैं। अपनी फैशन सेन्स के कारण ही सोनम कपूर बॉलीवुड में फैशन क्वीन के नाम से मशहूर हैं। सोशल मीडिया पर सोनम कपूर काफी सक्रिय रहती हैं और उनके फैन फ्लोइंग की संख्या लाखों में हैं।

Updated : 9 Jun 2020 8:36 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top