कांस फिल्म फेस्टिवल के लिए प्रधानमंत्री का संदेश "फिल्में दुनिया को एक सूत्र में जोड़ती हैं"

नई दिल्ली/वेब डेस्क। कांस फिल्म फेस्टिवल का आगाज हो चुका है। इस साल पहली बार भारत 'कंट्री ऑफ ऑनर' के रूप में फिल्म फेस्टिवल में शामिल होने जा रहा है। मंगलवार को सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल कांस फिल्म महोत्सव पहुंचा। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांस के लिए संदेश जारी किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि मार्चे डू फिल्म - फेस्टिवल डी कांस में कंट्री ऑफ ऑनर के रूप में भारत की भागीदारी के बारे में जानकर मुझे खुशी हो रही है। भारत अपनी स्वतंत्रता के 75 साल और कान फिल्म महोत्सव की 75वीं वर्षगांठ के साथ-साथ फ्रांस के साथ राजनयिक संबंध के 75 साल पूरे होने का आनंद ले रहा है।
उन्होंने कहा कि यह जानकर खुशी हुई कि भारत के सबसे प्रसिद्ध फिल्म निर्माताओं में से एक सत्यजीत रे की एक फिल्म को कान क्लासिक्स सेक्शन में स्क्रीनिंग के लिए बहाल कर दिया गया है। भारत में बनने वाली फिल्मों की संख्या, अन्य देशों की तुलना में सबसे ज्यादा है। यहां अलग-अलग भाषाओं में फिल्में बनती हैं। हमारे फिल्म सेक्टर की विविधता उल्लेखनीय है।
नरेन्द्र मोदी ने आगे कहा कि फिल्में और समाज एक-दूसरे के दर्पण हैं। सिनेमा मानवीय भावनाओं और भावों को कलात्मक तरीके से प्रदर्शित करता है, जो दुनिया को मनोरंजन के एक सामान्य सूत्र से जोड़ता है। भारत के कई स्टार्टअप सिनेमा वर्ल्ड को अपनी ताकत दिखाएंगे। इंडिया पवेलियन, भारतीय सिनेमा के पहलुओं को प्रदर्शित करेगा और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और सीख को बढ़ावा देगा।
