Sunjay Kapur Funeral: संजय कपूर के अंतिम संस्कार में शामिल होने बच्चों संग दिल्ली पहुंची करिश्मा; करीना और सैफ भी हुए रवाना

Sunjay Kapur Funeral: बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर अपने दोनों बच्चों समायरा और कियान के साथ बुधवार, 19 जून को दिल्ली पहुंची। माना जा रहा है कि वह अपने एक्स-हसबैंड और बिजनेसमैन संजय कपूर के अंतिम संस्कार में शामिल होंगी। संजय कपूर का 12 जून को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उस समय वे एक पोलो मैच खेल रहे थे।
सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए है, जिनमें करिश्मा कपूर को अपने बच्चों के साथ घर से निकलते और एयरपोर्ट के लिए रवाना होते देखा गया। एक अन्य वीडियो में तीनों को एयरपोर्ट पर सफेद कपड़ों में देखा गया, जो इस बात का संकेत है कि वे अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो, संजय कपूर का अंतिम संस्कार 19 जून को शाम 5 बजे दिल्ली के लोधी रोड श्मशान घाट में होगा। जिसके बाद, 22 जून को दिल्ली के ताज पैलेस होटल में शाम 4 से 5 बजे एक प्रेयर मीट भी रखी गई है।
संजय कपूर की कंपनी सोना कॉमस्टार ने एक आधिकारिक नोट जारी किया है जिसमें उनके निधन और प्रेयर मीट की जानकारी दी गई है। नोट में संजय कपूर के परिवार के सभी सदस्यों के नाम शामिल है, जिनमें उनकी पत्नी प्रिया, और बच्चे कियान, समायरा, सफीरा और अजारियस का नाम भी शामिल है।
संजय कपूर की करिश्मा कपूर से 2003 में शादी हुई थी और उनके दो बच्चे हुए। साल 2016 में दोनों का तलाक हो गया और बच्चों की कस्टडी करिश्मा को मिली। तलाक के बाद भी करिश्मा और संजय कुछ पारिवारिक मौकों पर साथ नजर आए।
बाद में संजय ने प्रिया सचदेव से शादी की, जिनकी पहली शादी से एक बेटी सफीरा है। प्रिया और संजय का एक बेटा अजारियस भी है। इससे पहले संजय की पहली शादी नंदिता महतानी से हुई थी, लेकिन उस शादी से उनके कोई बच्चे नहीं हुए।
जानकारी के अनुसार करिश्मा की बहन करीना कपूर अपने पति सैफ अली खान के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुंबई से दिल्ली रवाना हो चुकी है।
