Ramayana Film: 'रामायण' की पहली झलक जारी; राम बने रणबीर, रावण बने यश, फैंस बोले - अब इंतजार नहीं होता!

Ramayana Film: बॉलीवुड की सबसे बड़ी और मचअवेटिड फिल्म 'रामायण' का पहला लुक आखिरकार सामने आ गया है। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से इसका फर्स्ट लुक वीडियो शेयर किया, जिसने आते ही तहलका मचा दिया है।
रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में
वीडियो में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में नजर आ रहे है। उनके चेहरे पर दृढ़ निश्चय झलक रहा है और पीठ पर तना हुआ धनुष उन्हें एक सच्चे योद्धा की छवि देता है। बैकग्राउंड में उगता सूरज और बादल का दृश्य पोस्टर को और भव्य बनाता है। रणबीर के इस लुक को देखकर फैंस काफी प्रभावित नजर आ रहे है।
यश रावण के किरदार में दमदार
फिल्म में साउथ एक्टर यश रावण की भूमिका निभा रहे है। उनका रौबदार लुक लोगों को खूब पसंद आ रहा है। यश ने इस किरदार को लेकर कहा है, "रावण का किरदार बहुत आकर्षक है और मुझे किसी और रोल की तलाश नहीं थी। यही मेरे लिए सबसे खास है।"
दमदार स्टारकास्ट
फिल्म की स्टारकास्ट बेहद खास और दमदार है। रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे है, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। सनी देओल हनुमान की भूमिका में दिखाई देंगे, वहीं रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में राम के सबसे बड़े सहयोगी का किरदार निभाएंगे। यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे और उनका लुक काफी प्रभावशाली है। इसके अलावा रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा, काजल अग्रवाल मंदोदरी और लारा दत्ता कैकई के किरदार में नजर आएंगी।
टीजर में भव्यता की झलक
3 मिनट 3 सेकंड के फर्स्ट लुक टीजर में फिल्म के शानदार विजुअल्स दिखाए गए है। रणबीर को जंगल में पेड़ पर चढ़कर धनुष चलाते हुए दिखाया गया है। वहीं यश के किरदार की एंट्री भी दमदार तरीके से हुई है। वीडियो की शुरुआत ब्रह्मा, विष्णु और महेश यानी शिव जी की झलकियों से होती है, जो कहानी की गहराई को दर्शाती है।
रामायण रिलीज डेट
'रामायण' फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। पहला भाग दिवाली 2026 के अवसर पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग साल 2027 में रिलीज किया जाएगा। दर्शक इस मेगा प्रोजेक्ट के दोनों हिस्सों का बेसब्री से इंतजार कर रहे है।
जानें रामायण का बजट
फिल्म का बजट लगभग 500-600 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। सिर्फ एक सेट की कीमत 11 करोड़ रुपये है। फिल्म के वीएफएक्स पर ऑस्कर विजेता स्टूडियो डीएनईजी काम कर रहा है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म 'रामायण' न सिर्फ एक धार्मिक कथा है, बल्कि भारतीय सिनेमा का एक नया अध्याय साबित हो सकती है। फैंस अब बेसब्री से फिल्म के रिलीज होने का इंतजार कर रहे है।
