डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग, जुहू इलाके में दहशत

मुंबई में शनिवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर अचानक गोलियां चलने की खबर सामने आई। जुहू इलाके में स्थित उनके आवास के बाहर चार राउंड फायरिंग हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। राहत की बात ये है कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन सवाल कई खड़े हो गए हैं।
रात करीब 3 बजे चली गोलियां
मुंबई पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात करीब 3 बजे की है। अज्ञात हमलावरों ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर चार राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए.जुहू मुंबई का वही इलाका है, जहां कई बड़े बॉलीवुड सितारे रहते हैं। ऐसे में इस घटना ने न सिर्फ स्थानीय लोगों, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री को भी चौंका दिया है।
सेलिब्रिटी इलाका, बढ़ाई गई सुरक्षा
फायरिंग की घटना के बाद रोहित शेट्टी के घर और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के लिए हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक हमले के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। न तो किसी धमकी की पुष्टि हुई है और न ही किसी गैंग या व्यक्ति ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है।
कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस
इस पूरे मामले ने मुंबई में सेलिब्रिटीज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह घटना किसी को डराने की कोशिश थी या इसके पीछे कोई और मकसद छिपा है.फिलहाल पुलिस की टीमें तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही हैं.अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस जांच में हमलावरों तक कब और कैसे पहुंच पाती है।
