धुरंधर 2 पाकिस्तान में बैन होने के बावजूद पाइरेटेड वर्जन में देखी जा रही है। लाहौर से वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर मजेदार रिएक्शन सामने आए हैं।
पड़ोसी देश पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों का क्रेज कोई नई बात नहीं है। हालांकि इस बार मामला थोड़ा अलग है। धुरंधर 2 रिलीज होते ही वहां चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। दिलचस्प ये है कि फिल्म पर बैन होने के बावजूद लोग इसे खुलेआम पाइरेटेड वर्जन में देख रहे हैं।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने इस पूरे मामले को और हवा दे दी है। इसमें लाहौर में टीवी पर फिल्म चलते हुए दिखाई गई। इसके बाद भारत और पाकिस्तान दोनों तरफ से लोगों ने जमकर मजे लिए।
लाहौर में टीवी पर चलती दिखी फिल्म
जानकारी के अनुसार, खालिद महमूद खालिद नाम के एक पाकिस्तानी पत्रकार ने X (पहले ट्विटर) पर एक क्लिप शेयर की। इसमें साफ दिख रहा है कि वह लाहौर में टीवी स्क्रीन पर ‘धुरंधर 2’ देख रहे हैं। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, 'लाहौर में धुरंधर 2 देख रहा हूं।' बस फिर क्या था, इस पोस्ट पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई।
सोशल मीडिया पर तंज और मजाक
इस वीडियो पर भारतीय यूजर्स ने चुटकी लेते हुए लिखा 'लगता है टीवी स्क्रीन में क्रैक है, शायद T20 वर्ल्ड कप देख लिया।' वहीं, एक और यूजर ने कहा 'ब्रह्मोस की तरह धुरंधर भी फ्री में पहुंच गई।' तो कुछ लोगों ने सीधे तौर पर इसे पाइरेसी बताते हुए सवाल उठाए। लेकिन मजे लेने वालों की संख्या ज्यादा दिखी, और माहौल हल्का-फुल्का ही रहा।
इंडियन सिनेमा का क्रेज बरकरार
हालांकि इस पूरे मामले में एक बात साफ नजर आई पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों के लिए दीवानगी अभी भी कम नहीं हुई है। एक यूजर ने लिखा कि 'पॉलिटिकल टेंशन के बावजूद इतनी जल्दी फिल्म पहुंचना दिखाता है कि इंडियन कंटेंट वहां कितना पसंद किया जाता है।' कई पाकिस्तानी यूजर्स ने भी माना कि मनोरंजन के लिए वे भारतीय फिल्मों की ओर देखते हैं।
पहले पार्ट की सीडी भी बिकी थी जमकर
धुरंधर का पहला पार्ट भी पाकिस्तान में काफी पॉपुलर हुआ था। उस वक्त इसकी पाइरेटेड सीडी मार्केट में धड़ल्ले से बिक रही थी, जिसकी कीमत करीब 50 रुपये बताई गई थी। एक विदेशी यूट्यूबर ने उस समय वहां के बाजार का वीडियो भी शेयर किया था। इसमें दुकानदार खुलेआम फिल्म बेचते नजर आए थे।
फिल्म और कमाई का हाल
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे कलाकार हैं। फिल्म को ‘The Revenge’ टैगलाइन के साथ रिलीज किया गया है। रिलीज के पहले ही दिन भारत में फिल्म ने करीब 145 करोड़ रुपये की कमाई कर ली, जो इसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों की कतार में ला खड़ा करता है।