Home > मनोरंजन > मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर

मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर

मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर
X

मुंबई। मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान अब नहीं रही। 71 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। हाल ही में सरोज खान को सांस लेने में तकलीफ हुई थी, जिसके बाद उन्हें मुंबई के बांद्रा स्थित गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां सरोज खान का कोरोना टेस्ट भी हुआ था और रिपोर्ट निगेटिव आया था। उसके बाद सरोज खान की हालत में सुधार होने की खबर भी सामने आई थी। आज उनकी निधन की खबर ने हर किसी को झकझोर दिया। बीती रात सरोज खान ने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से उनके तमाम चाहने वाले सदमे में हैं। वहीं बॉलीवुड हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिये उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।

कोरियोग्राफर फराह खान ने ट्वीट-'सरोज जी अल्लाह आपकी आत्मा को शांति दें..आप मेरे समेत कई लोगों के लिए प्रेरणा थीं। शानदार गीतों के लिए आपका शुक्रिया।'

अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा ने लिखा-'आपकी आत्मा को शांति मिले सरोजजी, मैं भगवान का शुक्रिया अदा करता हूं कि मुझे आपके साथ काम करने का मौका मिला। परिवार के लिए प्रार्थना।'

अभिनेता अभिषेक बच्चन ने लिखा-'मेरे पहले गाने को सरोज जी ने कोरियोग्राफ किया था। और उसके बाद और भी। आपने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। मुझे आपकी याद आएगी, सरोज जी। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।'

कोरियोग्राफर और डांसर रेमो डिसूजा ने लिखा-'भगवान आपकी आत्मा को शांति दे, सरोज जी आपकी याद आएंगी। डांस बिरादरी को बड़ा नुकसान।'

अक्षय कुमार ने लिखा-'सरोज खान के निधन की खबर से सुबह नींद खुली। महान कोरियोग्राफर सरोज खान जी नहीं रहीं। उन्होंने डांस को इतना आसान बना दिया था कि कोई भी डांस कर ले। फिल्म जगत के लिए ये एक बड़ा नुकसान है। उनकी आत्मा को शांति मिले।'

अनुपम खेर ने ट्विटर पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा-'डांस की मल्लिका सरोज खान जी अलविदा। आपने कलाकारों को ही नहीं बल्कि पूरे हिन्दुस्तान को बहुत खूबसूरती से सिखाया कि इंसान शरीर से नहीं, दिल और आत्मा से नाचता है। आपके जाने से नृत्य की एक लय डगमगा जाएगी। मैं पर्सनली न सिर्फ आपको बल्कि आपकी मीठी डांट को भी बहुत मिस करूंगा।'

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा-'हाथ जुड़े हैं, मन अशांत है।'

अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने लिखा-'सुबह उठते ही ये दुखद समाचार मिला। मैं बचपन से ही क्लासिकल डांस सीखी हूं। सरोज खान ने ही मुझे डांस सिखाया था जब मैंने फिल्मी करियर शुरू किया था। वो एक सख्त कोरियोग्राफर थीं और महान भी।'

करीना कपूर ने इंस्टाग्राम पर सरोज खान के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा लिखा-'मास्टर जी हमेशा मुझे बताती थीं... पैर नहीं चला सकती तो कम से कम चहरा तो चला। डांस को इंजॉय करना, मुस्कुराना और आंखों के जरिए मुस्कुराना... बस यही उन्होंने मुझे सिखाया। उनके जैसा कोई और नहीं हो सकता। हम जैसे एक्टर्स, जो उन्हें प्यार करते थे उनके लिए डांस और एक्सप्रेशंस कभी ऐसा नहीं रहेगा। लव यू मास्टर जी...।'

फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने लिखा-'हे भगवान, सरोज खान नहीं रही, इस बुरी खबर से नींद खुली। अपनी कला में माहिर। हमेशा उनका प्यार मिला। मैंने उनके साथ फिल्म 'गोल' में बिल्लो रानी गाने पर काम किया था। उनकी आत्मा को शांति मिले।'

निमरत कौर ने लिखा-'सरोज जी ने मेरे जीवन में कोरियोग्राफर शब्द से परिचय कराया। एक ऐसी प्रतिभा जिन्होंने अपने शानदार काम से सितारों और संगीत को अमर कर दिया। उनके प्रियजन को दुख की इस घड़ी से उबरने की हिम्मत मिलें। अब फिर कोई उनके जैसा दिग्गज नहीं होगा।'

अभिनेता रितेश देशमुख ने भी ट्वीट कर सरोज खान को श्रद्धांजलि दी और लिखा-'उनकी आत्मा को शांति मिले। यह बॉलीवुड जगत के लिए बड़ा नुकसान है। उन्होंने गीतों के शूट का परिदृश्य अपनी कोरियोग्राफी से बदल दिया।'

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने भी सरोज खान के निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए लिखा-'तेरे आने से रौनक आ जाती थी.... सरोज.... अफसोस ..... तू भी चली गई .....सकूं नसीब हो रूह को तेरी! दोस्तों, वह मेरी पहली फिल्म दिल भी तेरा ..... में एक सहायक नृत्य निर्देशक थी, जो एक अच्छी दोस्त थी।'

इन सबके अलावा तापसी पन्नू , तमन्ना भाटिया, मनीष मुंद्रा, सुनील ग्रोवर के अलावा मनोरंजन जगत की तमाम हस्तियों ने सरोज खान को श्रद्धांजलि दी।

Updated : 3 July 2020 2:51 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top