Home > मनोरंजन > अभिनेता ऋषि कपूर के निधन से शोक में डूबा बॉलीवुड

अभिनेता ऋषि कपूर के निधन से शोक में डूबा बॉलीवुड

अभिनेता ऋषि कपूर के निधन से शोक में डूबा बॉलीवुड
X

मुंबई। दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का आज 67 साल की उम्र में कैंसर से निधन हो गया। कल रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज सुबह उनका निधन हो गया। उनके निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। फिल्म जगत की तमाम हस्तियों ने उन्हें श्रंद्धाजलि दी। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन गहरे सदमे में है। उन्होंने उनके निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया-'वह चला गया ...ऋषि कपूर चला गया..मैं टूट गया हूं।'

अभिनेता अक्षय कुमार ने लिखा-'ऐसा लगता है जैसे हम एक बुरे सपने के बीच में हैं ... अभी-अभी ऋषि कपूर जी के निधन की निराशाजनक खबर सुनी, यह दिल दहला देने वाला है। वह एक महान अभिनेता, एक महान सह-कलाकार और अच्छे पारिवारिक दोस्त थे। मेरे संवेदनाएं और दुआ उनके परिवार के साथ है!

अभिनेत्री जूही चावला भी ऋषि कपूर के निधन से गहरे सदमे है। उन्हें यकीन नहीं हो रहा की ऋषि कपूर अब नहीं रहे। जूही चावला ने लिखा-'नहीं नहीं ये नहीं हो सकता ।ये दुखद हैं बहुत बहुत ज्यादा दुखद। मैं निःशब्द हूं!'

अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ट्वीट किया-'यह अविश्वसनीय है कि इतनी अच्छी शख्सियत ऋषि कपूर अब नहीं रहे। जब भी उनके साथ की गई अपनी फिल्मों को याद करती हूं जैसे कि एक चादर मैली सी, नसीब और मेरे निर्देशन में बनी फिल्म 'टेल मी ओह खुदा' इस दौरान उनके साथ की गई रोचक बातचीत। मेरे दिल की दुआएं सदा नीतू, रणवीर और उनके परिवार के साथ है। भगवान हमेशा उनके साथ रहें!'

अभिनेता सनी देओल ने भी ऋषि कपूर को श्रद्धांजलि देते हुए फिल्म 'दामिनी' की शूटिंग के दौरान की एक थ्रोबैक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है। सनी देओल ने ट्वीट किया-'ऋषि कपूर के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूं। वह एक महान सह कलाकार और अच्छे दोस्त थे। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं। आप बहुत बुरी तरह याद आओगे!'

फिल्ममेकर सुभाष घई ने भी ऋषि कपूर के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए लिखा-' ये एक त्रासदी है। असहनीय। चौंका देने वाला। अविश्वसनीय। 40 साल पुराना मेरा सबसे प्यारा दोस्त नहीं रहा। लोग उसे ऋषि कपूर कहते थे। मैं उसे जानता था चिंटू, मेरा सबसे अच्छा दोस्त। मेरा सबसे अच्छा अभिनेता। मेरा गाइड। मैं उससे आखिरी बार उसके घर पर मिला था। एक ऐसा इंसान जिसकी ऊर्जा असीमित थी चला गया।अलविदा!'

अभिनेता ऋषि कपूर ने फिल्म 'बॉबी' से मुख्य अभिनेता के रूप में अपना करियर शुरू किया था। इसके पहले वह फिल्म 'मेरा नाम जोकर' में राज कपूर के बचपन का रोल किया था और फिल्म 'श्री 420' में एक गाने में नजर आये थे। ऋषि कपूर ने अपने शानदार अभिनय से बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई थी। फिल्मों में अपने अभिनय से उन्होंने दर्शकों के दिलों में अमित छाप छोड़ी। उनके निधन पर बॉलीवुड की तमाम हस्तियों ने शोक व्यक्त किया। हर किसी के लिए यह यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि ऋषि कपूर अब नहीं रहे। उनके निधन से बॉलीवुड समेत उनके तमाम चाहने वाले सदमे हैं। फिल्म जगत में उनके सराहनीय योगदान के लिए वह हमेशा याद किये जायेंगे।

Updated : 30 April 2020 7:08 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top