कृति सेनन के रक्षाबंधन स्पेशल ऐड पर विवाद बढ़ने के बाद कंपनी ने विज्ञापन सभी प्लेटफॉर्म से हटा दिया है। कंपनी ने लोगों की भावनाएं आहत होने पर माफी मांगी।
बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन इन दिनों फिल्मों से ज्यादा अपने रक्षाबंधन स्पेशल ऐड को लेकर चर्चा में हैं। एक मशहूर ज्वैलरी कंपनी के इस विज्ञापन में कृति व्हाइट ब्रालेट पहने नजर आई थीं। वह विज्ञापन में अपने भाई और एक पालतू कुत्ते को राखी बांधती दिखीं। इसके बाद ऐसा विवाद मचा की प्रोडक्ट कंपनी को सामने आकर बड़ा एक्शन लेते हुए माफीनामा जारी करना पड़ा।
दरअसल, रक्षाबंधन पर फूहड़ता का वीडियो वायरल होने के बाद एक्ट्रेस कृति के कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया। कई लोगों ने विज्ञापन की आलोचना करने लगे। विवाद बढ़ने के बाद कंगना रनौत समेत कुछ हस्तियों ने भी इस ऐड पर सवाल उठाए।
कंपनी ने सभी प्लेटफॉर्म से हटाया विज्ञापन
विवाद बढ़ने के बाद कंपनी ने 26 अगस्त को कृति सेनन वाले रक्षाबंधन ऐड को यूट्यूब समेत सभी प्लेटफॉर्म से हटा दिया। इतना ही नहीं कंपनी ने अपने बयान में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति सम्मान की बात कही। कंपनी ने कहा कि उसका उद्देश्य परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मनाना और पालतू जानवरों के प्रति प्यार को बढ़ावा देना था। अगर विज्ञापन से समाज के किसी वर्ग की भावनाएं अनजाने में आहत हुई हैं, तो इसके लिए कंपनी ने खेद जताया।

माफी मांगते हुए कंपनी ने कहा कि सम्मान के तौर पर विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से वापस ले लिया गया है।
कृति सेनन ने भी दिया था जवाब
विवाद के बीच कृति सेनन ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि महिलाओं को यह नहीं बताया जाना चाहिए कि उन्हें क्या पहनना चाहिए और क्या नहीं।

कृति ने यह भी कहा था कि किसी भी त्योहार, रीति-रिवाज और परंपरा का कपड़ों से कोई संबंध नहीं होता। उनके इस बयान के बाद भी विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी रही।