B Saroja Devi: एक्ट्रेस बी. सरोजा देवी का निधन, 87 साल की उम्र में ली आखिरी सांस; रजनीकांत ने जताया शोक

B Saroja Devi: साउथ फिल्म इंडस्ट्री को एक और बड़ा झटका लगा है। तमिल सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री बी. सरोजा देवी का 87 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने बीते रविवार को आखिरी सांस ली। आपको बता दें कि बी. सरोजा देवी का फिल्मी करियर सात दशकों से भी ज्यादा लंबा रहा, जिसमें उन्होंने 200 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। वे तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों की लोकप्रिय अभिनेत्री थी।
17 साल की उम्र में किया फिल्मी डेब्यू
बी. सरोजा देवी ने अपने करियर की शुरुआत साल 1955 में सिर्फ 17 साल की उम्र में की थी। उनकी पहली फिल्म कन्नड़ भाषा की ‘महाकवि कालिदास’ थी। इसके बाद साल 1958 में आई तमिल फिल्म ‘नादोदी मन्नान’ ने उन्हें स्टार बना दिया। इसमें वे साउथ के सुपरस्टार एम. जी. रामचंद्रन (MGR) के साथ नजर आई थी।
हिंदी फिल्मों में भी बनाई पहचान
साल 1959 में उन्होंने हिंदी फिल्मों में एंट्री ली और दिलीप कुमार के साथ फिल्म ‘पैगाम’ में काम किया। इसके बाद वे 'ससुराल', 'प्यार किया तो डरना क्या' और 'बेटी बेटे' जैसी फिल्मों में नजर आई। उन्होंने हिंदी सिनेमा के कई बड़े सितारों जैसे राज कपूर, शम्मी कपूर और सुनील दत्त के साथ भी काम किया।
बी. सरोजा देवी को एम. जी. रामचंद्रन के लिए ‘लकी मैस्कॉट’ भी कहा जाता था। दोनों ने साथ में 26 फिल्मों में काम किया, जो ज्यादातर सुपरहिट रही।
सिने जगत में अनमोल योगदान
बी. सरोजा देवी के नाम लीड एक्ट्रेस के रूप में सबसे ज्यादा फिल्मों में काम करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। उन्होंने साल 1955 से 1984 के बीच कुल 161 फिल्मों में लीड रोल निभाया। अपने शानदार फिल्मी करियर और सिनेमा में योगदान के लिए उन्हें कई बड़े सम्मान मिले। साल 1969 में उन्हें पद्मश्री और 1992 में पद्मभूषण से नवाजा गया। इसके अलावा उन्हें तमिलनाडु सरकार की ओर से कलाईममणि पुरस्कार और बैंगलोर यूनिवर्सिटी से डॉक्टरेट की मानद उपाधि भी प्रदान की गई।
रजनीकांत ने दी श्रद्धांजलि
பல கோடி ரசிகர்களின் மனம் கவர்ந்த மாபெரும் நடிகை சரோஜாதேவி இப்போது நம்முடன் இல்லை.
— Rajinikanth (@rajinikanth) July 14, 2025
அவருடைய ஆத்மா சாந்தியடையட்டும். 🙏🏻#SarojaDevi
साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत ने भी सोशल मीडिया पर उनके निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा,“महान अभिनेत्री सरोजा देवी जिन्होंने करोड़ों लोगों का दिल जीता, अब हमारे बीच नहीं रही। मेरी प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति मिले।
