भारत में Apple की तकनीक कौशल में नई पहल, फैक्ट्री कर्मचारियों को मिलेगी टेक ट्रेनिंग

भारत में Apple की तकनीक कौशल में नई पहल, फैक्ट्री कर्मचारियों को मिलेगी टेक ट्रेनिंग
X
एप्पल ने भारत में एजुकेशन हब शुरू किया है। इसमें सप्लाई-चेन कर्मचारियों को कोडिंग, रोबोटिक्स और डिजिटल स्किल्स सिखाई जाएंगी।

नई दिल्लीः तकनीकी कौशल की दिशा में बड़ी सकारात्मक खबर सामने आई है। मोबाइल निर्माता कंपनी Apple ने भारत में अपने सप्लाई-चेन कर्मचारियों के लिए एक नई शिक्षा और कौशल विकास पहल की शुरुआत की है। इसके तहत कंपनी ने बेंगलुरु में Apple Education Hub लॉन्च किया है, जहां फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों को आधुनिक तकनीकी कौशल की ट्रेनिंग दी जाएगी।

कंपनी के अनुसार, यह भारत में Apple का पहला शिक्षा केंद्र है और यहां मार्च 2026 से कोर्स शुरू होंगे। यह केंद्र मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन (MAHE) के साथ साझेदारी में संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम का मकसद मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारियों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है।

25 से अधिक सेंटर पर ट्रेनिंग कोर्स

Apple के अनुसार यह पहल उसके Supplier Employee Development Fund का हिस्सा है। इसके तहत कंपनी वैश्विक स्तर पर सप्लाई-चेन कर्मचारियों के कौशल विकास में निवेश कर रही है। भारत में इस योजना के तहत 25 से अधिक सप्लायर साइट्स पर नए ट्रेनिंग कोर्स शुरू किए जाएंगे, जिनकी शुरुआत टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स से की गई है।

इन कोर्सों की दी जाएगी ट्रेनिंग

इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में डिजिटल लिटरेसी, स्विफ्ट कोडिंग, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन टेक्नोलॉजी और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग जैसे विषय शामिल होंगे। Apple की सप्लाई-चेन इनोवेशन प्रमुख सारा चैंडलर ने कहा कि इन कोर्सों का उद्देश्य कर्मचारियों के लिए नए करियर अवसर तैयार करना और उन्हें उन्नत मैन्युफैक्चरिंग भूमिकाओं के लिए सक्षम बनाना है।

Apple इस पहल के तहत ट्रेन-द-ट्रेनर मॉडल अपनाएगा। पहले मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन के फैकल्टी सदस्य सप्लायर कंपनियों के प्रशिक्षकों को ट्रेन करेंगे, जिसके बाद यही प्रशिक्षक फैक्ट्री स्तर पर कर्मचारियों को प्रशिक्षण देंगे। इससे ट्रेनिंग सीधे मैन्युफैक्चरिंग लोकेशंस तक पहुंचाई जा सकेगी। मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन के वाइस-चांसलर लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) एम.डी. वेंकटेश ने कहा कि यह पहल भारत के मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम में कौशल निवेश के बढ़ते महत्व को दर्शाती है।

Apple ने यह भी बताया कि वह पहले से ही भारत में अपने सप्लायर कर्मचारियों के लिए 75 से अधिक कोर्स चला रहा है, जिनमें तकनीकी प्रशिक्षण के साथ प्रोफेशनल स्किल्स, हेल्थ एजुकेशन और अधिकारों से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं। दिसंबर 2024 में शुरू किए गए रोबोटिक्स ट्रेनिंग प्रोग्राम को 2026 में और फैक्ट्री साइट्स तक विस्तार देने की योजना है।

दिव्यांगों के लिए भी शिक्षा कार्यक्रम का विस्तार

इसके अलावा, कंपनी भारत में दिव्यांग व्यक्तियों के लिए व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रमों का भी विस्तार कर रही है। Apple के अनुसार, अब तक वैश्विक स्तर पर 18,000 से अधिक सप्लायर कर्मचारी इन पहलों से लाभान्वित हो चुके हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम भारत में Apple की मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई-चेन को मजबूत करने की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है।

Tags

Next Story