Home > अर्थव्यवस्था > गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 714 अंक लुढ़का

गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 714 अंक लुढ़का

गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 714 अंक लुढ़का
X

मुंबई। लगातार दो दिन तक तेजी दिखाने के बाद आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार एक बार फिर बिकवाली के दबाव में फंस कर जोरदार गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक बिकवाली के दबाव की वजह से करीब 1.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए। शेयर बाजार ने आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ की थी। हालांकि दिन में 11 बजे के बाद करीब ढाई घंटे तक बाजार में लिवाली का जोर भी दिखाई दिया, लेकिन उसके बाद बाजार पर मंदड़िये हावी हो गए, जिसके कारण शेयर बाजार ने बड़ी गिरावट के साथ आज का कारोबार खत्म किया।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के सेंसेक्स में आज 379.73 अंक की कमजोरी के साथ 57,531.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही शुरू हुई तेज बिकवाली के कारण 3 मिनट के कारोबार में ही सेंसेक्स 666.85 अंक का गोता लगाकर 57,244.83 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इस बड़ी गिरावट के तुरंत बाद बाजार को संभालने की कोशिश शुरू हो गई। घरेलू संस्थागत निवेशकों ने बाजार को सपोर्ट करने के लिए इस मौके पर तेज खरीदारी शुरू कर दी, जिसके कारण 10 बजे के थोड़ी देर पहले सेंसेक्स उछल कर 57,485.48 अंक के स्तर पर आ गया। लेकिन इस स्तर पर पहुंचने के बाद एक बार फिर शुरू हुई मुनाफावसूली ने सेंसेक्स को दोबारा गोता लगाने के लिए मजबूर कर दिया।

सेंसेक्स का हाल -

गिरावट का ये सिलसिला 11 बजे के थोड़ी देर पहले तक जारी रहा। लेकिन इसके बाद घरेलू संस्थागत निवेशकों ने एक बार फिर तेज खरीदारी करके बाजार में जान फूंकने की कोशिश की। खरीदारी के इस सपोर्ट से आधे घंटे के कारोबार में ही सेंसेक्स उछलकर 57,675.77 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद अगले ढाई घंटे तक सेंसेक्स कमोबेश इसी स्तर पर बना रहा। बीच-बीच में बिकवाली के दबाव से हल्की गिरावट भी आती दिखी, तो कभी-कभी लिवाली के जोर से सेंसेक्स वापस तेज होता भी नजर आया, लेकिन दोपहर 1:30 बजे के बाद बाजार में चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से 3 बजे से थोड़ी देर पहले सेंसेक्स 776.96 अंक की गिरावट के साथ आज के सबसे निचले स्तर 57,134.72 अंक तक लुढ़क गया। हालांकि आखरी आधे घंटे के कारोबार में इंट्रा-डे सेटेलमेंट के कारण हुई मामूली लिवाली की मदद से सेंसेक्स की स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ और इस सूचकांक ने 714.53 अंक की कमजोरी के साथ 57,197.15 अंक के स्तर पर आज के कारोबार का अंत किया।

निफ्टी की गिरावट से शुरुआत -

सेंसेक्स की तरह ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने भी 149.85 अंक की गिरावट के साथ 17,242.75 अंक के स्तर से आज के कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में हुई बिकवाली के कारण निफ्टी भी तेजी से नीचे आया और सिर्फ 3 मिनट के कारोबार में ही 196.55 अंक लुढ़क कर 17,196.05 अंक के स्तर पर आ गया। हालांकि इसके बाद घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी से बाजार के माहौल में कुछ सुधार हुआ, जिसका असर निफ्टी की चाल पर भी पड़ा। खरीदारी के इस सपोर्ट से सुबह 10 बजे के थोड़ी देर पहले निफ्टी सुधर कर 17,259.25 अंक के स्तर पर पहुंच गया। लेकिन इसके बाद शुरू हुई बिकवाली ने एक बार फिर निफ्टी को गोता लगाने के लिए मजबूर कर दिया।

लगातार हो रही बिकवाली की वजह से 11 बजे के थोड़ी देर पहले तक निफ्टी पर लगातार दबाव बना रहा, लेकिन इसके बाद घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी से निफ्टी को भी सपोर्ट मिला और शुरुआती 2 घंटे का कारोबार खत्म होने के बाद 11:15 बजे ये सूचकांक उछलकर 17,315.30 अंक के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी की चाल अगले 2 घंटे तक कमोबेश इसी स्तर पर बनी रही। लेकिन 1:30 बजे के बाद बाजार में शुरू हुई बिकवाली के दबाव की वजह से इस सूचकांक में भी तेज गिरावट आई और 3 बजे के थोड़ी देर पहले निफ्टी 243.40 अंक गिरकर 17,149.20 अंक तक पहुंच गया। आखिरी आधे घंटे के कारोबार में निफ्टी की स्थिति में कुछ सुधार जरूर हुआ, इसके बावजूद इस सूचकांक ने 220.65 अंक की कमजोरी के साथ 17,171.95 अंक के स्तर पर आज के कारोबार का अंत किया।

शेयरों का हाल -

आज दिन भर के कारोबार में सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सिर्फ 5 शेयर मुनाफा कमाकर हरे निशान में बंद हुए। जबकि 25 शेयर बिकवाली के दबाव में फंस कर लाल निशान में बंद हुए। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्सों में भी आज गिरावट का रुख बना रहा। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 175.41 अंक की गिरावट के साथ 24,698.37 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं स्मॉल कैप इंडेक्स 110.45 अंक की गिरावट के साथ 29,247.98 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी के 11 सेक्टोरल इंडेक्सों में से सिर्फ एक इंडेक्स बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुआ, जबकि 10 इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशाने बंद हुए।

टॉप 5 शेयर -

बाजार में आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद दिग्गज शेयरों में से अडाणी पोर्ट्स 2.78 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.06 प्रतिशत, भारती एयरटेल 0.41 प्रतिशत, मारुति सुज़ुकी 0.32 प्रतिशत और आईटीसी 0.27 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 4.83 प्रतिशत, हिंदुस्तान युनिलीवर 3.23 प्रतिशत, सिप्ला 3.16 प्रतिशत, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 3.04 प्रतिशत और इंडसइंड बैंक 2.97 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

Updated : 23 April 2022 8:46 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top