Home > अर्थव्यवस्था > कोरोना का दूसरा दिन भी दिखा असर, बढ़त के बाद नीचे आया बाजार

कोरोना का दूसरा दिन भी दिखा असर, बढ़त के बाद नीचे आया बाजार

कोरोना का दूसरा दिन भी दिखा असर, बढ़त के बाद नीचे आया बाजार
X

मुंबई। देश में जारी कोरोना संकट का असर लगातार दूसरे दिन भी बाजार पर दिखा। इससे पहले कल सोमवार को बड़ी गिरावट के बाद आज मंगलवार को भी भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का ही रुख रहा। बाजार अच्छी बढ़त के साथ खुले थे, लेकिन बाजार खुलने के बाद से ही बिकवाली का जोर बढ़ता गया। अंत में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही लाल निशान में बद हुए। सेंसेक्स में 243.62 अंक की और निफ्टी में 63.05 अंक की गिरावट दर्ज की गई।

केंद्र सरकार ने एक दिन पहले ही फैसला लिया था कि एक मई से देश में 18 साल के युवाओं का भी टीकाकरण होगा। कोरोना के डर से सोमवार को गिरे शेयर बाजार के लिए इस खबर ने संजीवनी जैसा असर किया। जिसके कारण आज कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 523.62 अंक की उछाल के साथ 48473.04 के स्तर पर खुला। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने 167.25 अंकों की तेजी दिखाई और 14526.70 के स्तर से आज का कारोबार शुरू किया।

लाल निशान पर पहुंचे -

शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत तो जोरदार बढ़त के साथ हुई, लेकिन उसके बाद बिकवाली का जोर लगातार बढ़ता गया। जिसके कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हरे निशान से फिसल कर लाल निशान में पहुंच गए। आज का कारोबार बंद होने के एक घंटे पहले सेंसेक्स दिन के टॉप लेवल से 1039 अंक गिरकर 47438.50 के निचले स्तर तक पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी भी आज के टॉप लेवल 14526.95 से 319.65 अंक फिसलकर आज के सबसे निचले स्तर 14207.30 अंक तक पहुंच गया।

सेंसेक्स और निफ्टी गिरे -

हालांकि आखिरी एक घंटे के कारोबार के दौरान शेयर बाजार में कुछ लिवाली हुई, जिसके कारण बाजार में मामूली सुधार हुआ। आज का कारोबार बंद होने के समय सेंसेक्स ओवरऑल 243.62 अंक टूटकर 47705.80 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी ने भी 63.05 अंक फिसलकर 14296.40 के स्तर पर आज के कारोबार का अंत किया।

ये शेयर लुढ़के -

सेंसेक्स में शामिल 30 में से 14 शेयरों में आज गिरावट रही। अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर सबसे ज्यादा 4.9 फीसदी नीचे 6191 रुपये पर बंद हुआ। इसी तरह एचसीएल टेक और एचडीएफसी के शेयरों में तीन तीन फीसदी की गिरावट रही। इसके विपरीत बजाज फिनसर्व और डॉ. रेड्डीज के शेयरों में तीन तीन फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई।

आज बीएसई में कुल 3049 शेयरों में कारोबार हुआ। जिसमें 1656 शेयर बढ़त और 1222 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि 171 शेयर के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। आज स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 201.57 लाख करोड़ रुपये रहा, जो कल 201.77 लाख करोड़ रुपये था।

Updated : 12 Oct 2021 10:45 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top