विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पर लगाएं यौन शोषण के आरोप, धरना शुरू

नईदिल्ली। देश के लिए ओलंपिक में पदक जीतने वाले बजरंग पुनिया, विनेश फोगट, साक्षी मलिक, संगीता फोगट, सोनम मलिक और अंशु समेत 30 पहलवान भारतीय कुश्ती महासंघ के खिलाफ खड़े हो गए हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर सभी खिलाड़ी महासंघ के खिलाफ धरना दे रहे है। महिला पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाए है।
विनेश फोगाट का कहना है की , टोक्यो ओलिंपिक में हार के बाद अध्यक्ष ने मुझे खोटा सिक्का कहा। उन्होंने ने मुझे मानसिक तौर पर परेशान किया। मैं हर दिन अपनी जिंदगी खत्म करने के बारे में सोचती थी। अगर किसी भी पहलवान के साथ कुछ होता है तो ये संघ के के अध्यक्ष की जिम्मेदारी होगी। वहीं, साक्षी मलिक ने कहा कि खिलाड़ी देश के लिए पदक जीतने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन फेडरेशन ने हमें नीचा दिखाने के अलावा कुछ नहीं किया।
मनचाहे कायदे कानून लगा कर खिलाड़ियों को प्रताड़ित
वहीँ बजरंग पुनिया ने कहा कि मनचाहे कायदे कानून लगा कर खिलाड़ियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। पुनिया ने अपने दूसरे ट्वीट में कहा कि फेडरेशन का काम खिलाड़ियों का साथ देना, उनकी खेल की जरूरतों का ध्यान रखना होता है। कोई समस्या हो तो उसका निदान करना होता है, लेकिन अगर फेडरेशन ही समस्या खड़ी करे तो क्या किया जाए? अब लड़ना पड़ेगा, हम पीछे नहीं हटेंगे। हालांकि, अभी तक खिलाड़ियों ने अपने मुद्दे साफ तौर पर नहीं बताये कि वो किस बात को लेकर भारतीय कुश्ती महासंघ के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
समस्या का समाधान किया जाए
वहीं भारतीय कुश्ती महासंघ के महासचिव विनोद कुमार का कहना है कि जैसे ही फेडरेशन को पता चला कि हमारे देश के खिलाड़ी जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। हम इनकी समस्या को सुलझाने के लिए यहां पहुंचे हैं। हमने बजरंग पुनिया से बात करने का प्रयास किया, लेकिन वे कुछ नहीं बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनकी जो भी समस्या और मांग होगी उसे पूरा किया जाएगा, हमें पता तो चले कि यह प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं। इनकी क्या नाराजगी है, मैं इसलिए यहां आया हूं कि इनकी समस्या का समाधान किया जाए।
