Home > देश > छोटे और मझौले किसानों की प्रगति सरकार का प्रमुख लक्ष्य : केंद्रीय कृषि मंत्री

छोटे और मझौले किसानों की प्रगति सरकार का प्रमुख लक्ष्य : केंद्रीय कृषि मंत्री

छोटे और मझौले किसानों की प्रगति सरकार का प्रमुख लक्ष्य : केंद्रीय कृषि मंत्री
X

नईदिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि छोटे और मझौले किसानों की प्रगति सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। देश का किसान आत्मनिर्भर बनेगा तो देश आत्मनिर्भर बनेगा। तोमर ने सोमवार को एक वेबिनार को संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि ग्यारह करोड़ से अधिक किसानों को ऐतिहासिक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि स्कीम के तहत अभी तक 1.35 लाख करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाई जा चुकी है। सरकार ने एमएसपी में सतत वृद्धि की है। राज्य एजेंसियों के माध्यम से खरीदी में भी बढ़ोत्तरी हुई है। नाबार्ड ने राज्य विपणन संघों को करीब 50 हजार करोड़ रुपये का संवितरण कर रिकार्ड खरीद में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

ऋण उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण -

तोमर ने कहा कि भारतीय कृषि क्षेत्र में छोटे व सीमांत किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है। कोरोना महामारी के दौरान भी सरकार ने पीएम-किसान लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के लिए मिशन मोड में सफलतापूर्वक अभियान चलाया है। चालू वित्त वर्ष के बजट में इस क्षेत्र में साढ़े 16 लाख करोड़ रु. ऋण देने का लक्ष्य रखा है। नाबार्ड ने सहकारी व क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के जरिये किसानों को रियायती दर पर फसल ऋण उपलब्ध कराया है और सात साल में यह राशि साढ़े छह लाख करोड़ रुपये है।

कृषि विपणन में भी सुधार -

उन्होंने कहा कि सरकार ने कृषि विपणन में भी सुधार किया है। 10 हजार नए किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) बनाने की शुरुआत भी हो चुकी है जो सामूहिकता के मॉडल पर काम करेंगे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण व कृषि आधारभूत संरचनाओं पर जोर देते हुए आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री ने कृषि व सम्बद्ध क्षेत्रों के विकास के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक पैकेज दिए हैं। जिनका लाभ देश में खेती को मिलेगा।

Updated : 12 Oct 2021 10:15 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top