Home > देश > भाजपा ने प्रियंका गांधी पर साधा निशाना, कहा- "कांग्रेस सरकार में लड़कियों को लड़ना मना है"

भाजपा ने प्रियंका गांधी पर साधा निशाना, कहा- "कांग्रेस सरकार में लड़कियों को लड़ना मना है"

भाजपा ने प्रियंका गांधी पर साधा निशाना, कहा- कांग्रेस सरकार में लड़कियों को लड़ना मना है
X

नईदिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महिला सशक्तिकरण को लेकर कांग्रेस पर दोमुंहेपन का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में कहती हैं कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं किंतु राजस्थान में इसके उलट माहौल है। वहां कांग्रेस सरकार में लड़कियों को लड़ना मना है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में राजस्थान के अलवर में हुये सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक 15-16 साल की दिव्यांग लड़की के साथ अलवर में दुर्व्यवहार हुआ है। आज वो बेटी आईसीयू में अपने जीवन से लड़ रही है। जब अलवर में यह घटना हो रही थी तब प्रियंका वाड्रा रणथम्भोर में अपना जन्मदिन मना रही थीं।

उन्होंने कहा कि भाजपा के सांसद और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की एक टीम इस मामले में प्रियंका वाड्रा से बात करने के लिए गई थी लेकिन टीम को यह कहकर वापस भेज दिया गया कि प्रियंका जी अपना जन्मदिन मनाने में व्यस्त हैं, वो किसी से मिल नहीं सकतीं।पात्रा ने प्रियंका से सवाल करते हुए कहा कि वह तो पूरे देश में जहां अन्याय होता है वहां भाई राहुल गांधी के साथ मिलने जाती हैं। गले लगाकर तस्वीर भी वायरल की जाती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित राजस्थान में ये माहौल है कि लड़की हूं, लड़ना मना है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या प्रियंका गांधी राजस्थान की उस बेटी से मिलने गईं।उन्होंने कांग्रेस महासचिव पर चयनात्मक राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि यह शोभा नहीं देता है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि क्या प्रियंका उस पीड़िता से मिलीं। क्या उस पीड़िता के घर गईं। क्या उन्होंने राजस्थान सरकार से रिपोर्ट मांगी है।

Updated : 15 Jan 2022 2:13 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top