Home > देश > भाजपा ने केजरीवाल पर लगाया बदले की राजनीति का आरोप, कहा- बग्गा की गिरफ्तारी गैरकानूनी

भाजपा ने केजरीवाल पर लगाया बदले की राजनीति का आरोप, कहा- बग्गा की गिरफ्तारी गैरकानूनी

भाजपा ने केजरीवाल पर लगाया बदले की राजनीति का आरोप, कहा- बग्गा की गिरफ्तारी गैरकानूनी
X

नईदिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल पर बदले की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि वह पंजाब पुलिस का दुरुपयोग कर रहे हैं। पार्टी ने दिल्ली प्रदेश भाजपा के नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी को गैरकानूनी करार दिया।

भाजपा के वरिष्ठ नेता मनजिंदर सिंह सिरसा, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, सरदार आरपी सिंह और प्रवक्ता नुपूर शर्मा ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में बग्गा की गिरफ्तारी को गैरकानूनी करार देते हुए आप पर जमकर निशाना साधा।

सिरसा ने कहा कि जिस प्रकार से आज तजिंदर पाल बग्गा जी को गिरफ्तार किया गया, वो गैरकानूनी है।अरविंद केजरीवाल बदले की राजनीति करते हैं। अरविंद केजरीवाल की सच्चाई लोगों को बताने वालों का ये मुंह बंद करना चाहते हैं। उनकी सच्चाई लोगों के सामने न आए, इसके लिए वो पंजाब पुलिस का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज लोग देख रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल बदले की राजनीति कर रहे हैं।

सिरसा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब को 1980 के दशक के रास्ते पर ले जाना चाहती है। ये पहले सपने दिखाएंगे, फिर लोगों को लूटेंगे, सिखों को बदनाम करेंगे और उन्हें आतंकवादी बताकर उन्हें जेल में बंद करेंगे। लेकिन भाजपा सच के साथ खड़ी रहेगी। सिरसा ने कहा कि तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने कोई गुनाह नहीं किया है। बग्गा ने अरविंद केजरीवाल के झूठ को बेनकाब किया है।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि मुझे ध्यान है कि पंजाब चुनाव से पहले दिल्ली में एक टीवी इंटरव्यू में पत्रकार के सवाल कि आप पर लोग सोशल मीडिया पर बहुत सवाल उठाते हैं उस पर केजरीवाल ने कहा था कि जिस दिन हमारे पास पुलिस आ जाएगी उस दिन हम बता देंगे। उन्होंने कहा कि आज केजरीवाल का असली चरित्र और चेहरा सामने आ गया है। आज वही काम पंजाब पुलिस द्वारा केजरीवाल करा रहे हैं।

गुप्ता ने कहा कि सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ताओं के ऊपर ही नहीं बल्कि जो भी लोग स्वतंत्र राजनीतिक विचार व्यक्त करते हैं, केजरीवाल पर सवाल खड़ा करते हैं उनको पंजाब पुलिस का नोटिस पहुंच रहा है, उन पर पंजाब पुलिस कार्रवाई कर रही है। आज तेजिंदर पाल सिंह बग्गा पर जो कार्रवाई हुई है वो बहुत शर्मनाक है। गुप्ता ने कहा कि पंजाब पुलिस द्वारा एक बुजुर्ग व्यक्ति को मारा-पीटा गया है, उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया है, अभद्रता की गई है। पंजाब पुलिस इस कदर गुंडागर्दी पर उतारू है कि उन्होंने एक सिख को अपनी पगड़ी तक भी नहीं बांधने दी।

Updated : 6 May 2022 11:35 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top