कर्रेगुट्टा पहाड़ पर कार्रवाई के बाद CM साय की रणनीति: बीजापुर-दंतेवाड़ा में जवानों के साथ डिस्कस करेंगे आगे का प्लान

रायपुर। बीजापुर-तेलंगाना बॉर्डर पर स्थित कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में हाल ही में चले सबसे बड़े नक्सल विरोधी अभियान ने छत्तीसगढ़ में उग्रवाद के किले को हिलाकर रख दिया है। इस ऐतिहासिक मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 31 खूंखार नक्सलियों को मार गिराया, जिनमें संगठन के उच्च रैंक ACM और DVCM स्तर के कैडर शामिल थे। अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मौके पर पहुंचकर बहादुर जवानों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा आगे के प्लान की चर्चा करने की भी सम्भावना हैं।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बीजापुर और दंतेवाड़ा की सीमाओं पर स्थित गलगम के सीआरपीएफ कैंप पहुंचेंगे। इस दौरान वे जवानों का हौसला बढ़ायेंगे। साथ ही जवानों के साथ बैठकर नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान की अगली रणनीति तय करेंगे। इस यात्रा का असल मकसद कर्रेगुट्टा जैसे रणनीतिक क्षेत्र में मिली सैन्य जीत को विकास और स्थायी शांति में बदलना है।
गुरूवार शाम को बीजापुर में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री न केवल सुरक्षा अभियान की समीक्षा करेंगे, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और युवाओं के लिए रोजगार जैसे विकास कार्यों की भी गहराई से समीक्षा करेंगे। इससे स्पष्ट है कि सरकार नक्सलवाद को दोतरफा जवाब दे रही है। एक तरफ सटीक पुलिस बल कार्रवाई और दूसरी तरफ तेजतर्रार विकास योजनाएं चलाई जा रही है।
बता दें कि, बीते दिन बुधवार को नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे ऑपरेशन को लेकर CRPF के डीजी जीपी सिंह और छत्तीसगढ़ DG अरुण देव गौतम ने आज संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। इसमें उन्होंने बताया कि, कर्रेगुट्टा का इलाका अब तक नक्सलियों का सुरक्षित गढ़ माना जाता था, लेकिन यहां से 450 से ज्यादा IED डिफ्यूज किए गए, बड़ी मात्रा में हथियार और पहली बार नक्सलियों द्वारा तैयार की गई दो मेगा स्नाइपर गन जब्त हुई।
यह संकेत है कि नक्सल आंदोलन न केवल कमज़ोर हुआ है, बल्कि पहली बार घबराहट में है। ऐसे में मुख्यमंत्री की यह यात्रा आने वाले महीनों में नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में निर्णायक मानी जा रही है।
21 मुठभेड़ों में कुल 31 माओवादी ढेर
21 अप्रैल से 11 मई तक चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान के दौरान कुल 21 मुठभेड़ों में कुल 31 माओवादी मारे गए। इनमें से 28 नक्सली की शिनाख्त हो चुकी है, जिन पर एक करोड़ 72 लाख का इनाम घोषित था। 31 माओवादियों के शव बरामद एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि सभी मारे गए 31 माओवादियों के शव के साथ हथियार बरामद किए गए हैं।
