खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय: विवादित कुलपति के खिलाफ छात्रों का आंदोलन तेज, सड़क पर उतरने की दी चेतावनी

रायपुर। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ इन दिनों राजनीति का अखाड़ा बना हुआ है। संगीत और कला के विकास के लिए स्थापित किए गए इस विश्वविद्यालय में एक विवादित कुलपति की नियुक्ति के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा हो गया है। विश्वविद्यालय की नव नियुक्त कुलपति प्रो. लवली शर्मा के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है।
विद्यार्थी परिषद ने यह घोषणा की है कि आने वाले 10 दिनों में प्रो लवली शर्मा के खिलाफ बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरेंगे। विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक जीत प्रजापति ने बताया कि परिषद के पदाधिकारी इस बड़े प्रदर्शन के लिए रणनीति और रूपरेखा बनाने में जुटे हुए हैं।
पहले भी चर्चा में रही कुलपति की नियुक्तियां
यह पहला मौका नहीं है जब खैरागढ़ विश्वविद्यालय विवादों में आया हो। पिछली सरकार के समय पद्मश्री ममता चंद्राकर को कुलपति नियुक्त किया गया था। लेकिन उनका कार्यकाल भी लगातार विरोध और विवादों से घिरा रहा।
राज्य की सत्ता बदलने के बाद 21 जून 2024 को उन्हें पद से हटा दिया गया और संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर को कार्यवाहक कुलपति बनाया गया था। इसके बाद महीनों तक विश्वविद्यालय बिना स्थायी कुलपति के ही चला। अब जब स्थायी कुलपति की नियुक्ति हुई तो वह भी विवादों के घेरे में पहुंच गई।
गंभीर आरोपों में हटाई गईं थीं शर्मा
सात बरस पहले उन्हें मध्यप्रदेश के शासकीय राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय में चल रहे सेक्स-स्कैंडलों के बीच कुलपति को पद से हटा दिया गया था और विश्वविद्यालय में धारा 57 लागू की गई थी।
उस वक्त ग्वालियर के इस विश्वविद्यालय में एक छात्रा के साथ दो सहायक प्राध्यापकों द्वारा कार्यालय में ही यौन उत्पीडऩ के आरोप लगे थे। इसके अलावा आर्थिक अनियमितताओं की भी जांच की गई थी। जांच रिपोर्ट के बाद राजभवन के आदेश से कुलपति प्रो. लवली शर्मा को वहां से हटाया गया था।