गढ़चिरौली में एनकाउंटर: 3 नक्सली ढेर, C-60 का जवान शहीद, अबूझमाड़ में सर्च ऑपरेशन

Abujhmad Naxal Encounter
X

Abujhmad Naxal Encounter

गढ़चिरौली-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर नक्सल मुठभेड़ में 3 नक्सली मारे गए, C-60 का जवान शहीद। घायल जवान को एयरलिफ्ट किया गया, सर्च ऑपरेशन जारी।
रायपुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर एक बार फिर गोलियों की आवाज़ से दहल उठा। गढ़चिरौली जिले के भामरागढ़ इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में महाराष्ट्र पुलिस के C-60 कमांडोज ने 3 नक्सलियों को ढेर कर दिया। इस दौरान एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुआ है घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट है और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है, जंगलों में फोर्स की हलचल बनी हुई है।

अबूझमाड़ के जंगल में सुबह-सुबह भिड़ंत

मिली जानकारी के मुताबिक 6 फरवरी की सुबह सुरक्षा बल सर्चिंग पर निकले थे। जैसे ही फोर्स अबूझमाड़ के घने जंगल में आगे बढ़ी, नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में C-60 कमांडोज ने मोर्चा संभाला और करीब आधे घंटे तक चली मुठभेड़ में 3 नक्सली मारे गए। मौके से एक AK-47 और एक SLR राइफल भी बरामद की गई है। मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है, पुलिस का कहना है कि इनमें हार्डकोर कैडर शामिल हो सकते हैं।

घायल जवान ने अस्पताल में तोड़ा दम

इस मुठभेड़ में C-60 के जवान कॉन्स्टेबल दीपक चिन्ना मदावी (38) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत हेलीकॉप्टर से भामरागढ़ उप-जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके शहीद होने की खबर से यूनिट में शोक की लहर है। एक अन्य जवान भी घायल हुआ है, जिसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

कॉन्स्टेबल दीपक चिन्ना मदावी

पुलिस की पुष्टि, ऑपरेशन अभी खत्म नहीं

महाराष्ट्र पुलिस ने मुठभेड़ की आधिकारिक पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अभी और नक्सलियों के छिपे होने की आशंका है, इसी वजह से सर्च ऑपरेशन रोका नहीं गया है। आसपास के गांवों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

एक दिन पहले भी हुआ था बड़ा एनकाउंटर

एक दिन पहले, 5 फरवरी को छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सली कमांडर उधम सिंह को एनकाउंटर में मार गिराया था। उधम सिंह 2021 के टेकुलगुड़ेम हमले में शामिल था, जिसमें 22 जवान शहीद हुए थे। DVCM उधम सिंह प्लाटून नंबर 30 का कमांडर और जगरगुंडा एरिया कमेटी का प्रमुख था। उस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।


नक्सली लीडर उधम सिंह



Tags

Next Story