ब्लैकमेलिंग और नक्सली इनपुट लीक केस में बड़ी कार्रवाई, डीएसपी कल्पना वर्मा सस्पेंड

ब्लैकमेलिंग और नक्सली इनपुट लीक केस में बड़ी कार्रवाई, डीएसपी कल्पना वर्मा सस्पेंड
X

छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ब्लैकमेलिंग, अवैध लेनदेन और नक्सल मोर्चे से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोपों में दंतेवाड़ा में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में वित्तीय लेनदेन और पद के दुरुपयोग की पुष्टि के बाद सरकार ने यह सख्त कदम उठाया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जांच के दौरान डीएसपी कल्पना वर्मा के बयानों, बैंकिंग ट्रांजैक्शन और व्हाट्सएप चैट के तथ्यों में गंभीर विरोधाभास सामने आए हैं। महिला अधिकारी पर कर्तव्य के दौरान अवैध आर्थिक लाभ लेने, पद का दुरुपयोग करने और अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं। इसी आधार पर उन्हें निलंबित करते हुए पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) अटैच कर दिया गया है।

होटल कारोबारी ने लगाए गंभीर आरोप

यह पूरा मामला तब सामने आया, जब रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन ने डीएसपी कल्पना वर्मा पर ठगी और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगाए। कारोबारी का आरोप है कि वर्ष 2021 से महिला डीएसपी ने कथित तौर पर लव ट्रैप में फंसाकर उससे करीब ढाई करोड़ रुपये की वसूली की।

जांच में लेनदेन की पुष्टि

सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में होटल कारोबारी से रुपए लेने की पुष्टि हुई है। बताया गया है कि डीएसपी ने अपने भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने कारोबारी से रकम ली थी। आरोपों में करीब दो करोड़ रुपये नकद, एक लग्जरी कार, 12 लाख रुपये की डायमंड रिंग, 5 लाख रुपये के सोने के गहने और अन्य महंगे गिफ्ट शामिल बताए जा रहे हैं।

वायरल हुए व्हाट्सएप चैट

यह मामला बीते करीब दो महीनों से लगातार चर्चा में है। कारोबारी और डीएसपी के बीच हुए कथित व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए, जिनमें विभागीय और नक्सल ऑपरेशन्स से जुड़ी संवेदनशील जानकारियों के साझा किए जाने के आरोप भी लगे हैं।

एएसपी राठौर ने की विस्तृत जांच

मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस मुख्यालय ने रायपुर के तत्कालीन एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर को जांच की जिम्मेदारी सौंपी थी। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पदस्थ डीएसपी पर लगे आरोपों की गहन पड़ताल के बाद एएसपी राठौर ने करीब 1400 पन्नों की विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंप दी है.सूत्रों का कहना है कि इसी रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। फिलहाल मामले में आगे की विभागीय और कानूनी प्रक्रिया जारी है, और आने वाले दिनों में इसमें और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Next Story