दुर्ग में कनवर्जन के प्रलोभन का मामला, बीमारी और शादी में मदद का झांसा देकर धर्म परिवर्तन का आरोप

दुर्ग में कनवर्जन के प्रलोभन का मामला, बीमारी और शादी में मदद का झांसा देकर धर्म परिवर्तन का आरोप
X
दुर्ग जिले में बीमारी ठीक करने, आर्थिक मदद और शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में धर्म परिवर्तन के प्रलोभन का एक मामला सामने आया है। बीमारी ठीक करने, आर्थिक सहायता और बेटी की शादी में मदद का आश्वासन देकर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है।

पदुमनगर, चरोदा निवासी 36 वर्षीय घरेलू कामगार रूखमणी पाण्डेय की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। शिकायत के अनुसार, 25 जनवरी को दो महिलाएं उनके घर पहुंचीं और ईसाई धर्म अपनाने पर बीमारी ठीक होने, आर्थिक समस्याएं दूर होने और बेटी की शादी में मदद का वादा किया।

रूखमणी द्वारा इनकार करने के बावजूद आरोपी महिलाओं ने 1 फरवरी को फिर घर पहुंचकर बाइबिल पढ़ने और इलाज व शादी में सहयोग का लालच दिया। विरोध करने पर विवाद की स्थिति बनी, जिसके बाद पीड़िता ने पुरानी भिलाई थाने में शिकायत दर्ज कराई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं से पूछताछ की। जांच में लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस ने सारिका डाडिंगे (42 वर्ष, खुर्सीपार) और प्रियंका साईमन (33 वर्ष, कुम्हारी) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है।

एसपी ने कहा कि धर्म परिवर्तन के लिए किसी भी तरह का प्रलोभन देना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Tags

Next Story