CG News: रायपुर नगर पालिका निगम में भाजपा के 10 जोन अध्यक्षों के नाम तय, चुनाव का इंतजार

रायपुर नगर पालिका निगम में भाजपा के 10 जोन अध्यक्षों के नाम तय,  चुनाव का इंतजार
X
  • रायपुर नगर निगम में 28 को पेश होगा बजट
  • सामान्य सभा के लिए अधिसूचना जारी

रायपुर। राजधानी रायपुर के नगर पालिका निगम में सभी 10 जोन में भाजपा के अध्यक्ष बनेंगे। इनके नाम भी लगभग तय हो चुके हैं। इंतजार केवल चुनाव की घोषणा का है। पार्टी ने पहले ही अपने 60 पार्षदों में से 18 को निगम में पद दे दिया है। 9 और पार्षदों को जोन अध्यक्ष के रूप में पद से नवाजा जाएगा।

नगर पालिका निगम रायपुर में वर्तमान में 70 वार्ड हैं, जिन्हें 10 जोन में समान रूप से बांटा गया था। निगम चुनाव के पहले वार्डों का जनसंख्या के हिसाब से सीमांकन किया गया, जिसमे वार्डों की संख्या तो नहीं बढ़ी लेकिन उनकी सीमा में बदलाव हो गया। जिससे जोन में आने वाले वार्डों की संख्या भी बदल गई।

अब इस आधार पर जोन अध्यक्ष का चुनाव अटक गया है। जब तक सभी जोन में 7-7 वार्ड नहीं होंगे जोन अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो पाएगा। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार निगम के बजट के लिए समान्य सभा 28 मार्च को होगी, जिसका एजेंडा जारी कर दिया गया है। इसमें जोन के वार्डों को समान करने के लिए कोई विषय नहीं लिया गया है।

हो सकता हैं कि एमआईसी से प्रस्ताव पास कर इस कार्य को किया जाए। भारतीय जनता पार्टी ने सभी 9 जोन के लिए अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के नाम लगभग तय कर दिए हैं। इस पर वरिष्ठ पदाधिकारियों की चर्चा सभापति और एमआईसी चयन के लिए हुई बैठक में ही की जा चुकी है। एक-दो जगह को लेकर ही संशय है।

ये बनेंगे जोन अध्यक्ष

जोन-2 में सभापति सूर्यकांत राठौर का पदेन अध्यक्ष बनना तय है। जोन-1 में गज्जू साहू को अध्यक्ष बनाया जा सकता है। उनका नाम एमआईसी के लिए भी था, लेकिन उन्हें वहां मौका नहीं मिला। जोन 3 में अभी 5 ही वार्ड हैं इसलिए इसमें बदलाव की संभावना है। फिर भी यहां से साधना प्रमोद साहू का नाम आगे है। यहां के दो पार्षद राजेश गुप्ता अपील समिति में तो संतोष कुमार साहू को एमआईसी में जगह मिल चुकी है।

जोन चार से तीन पार्षद पहले ही एमआईसी में आ चुके हैं। अब यहां से भाजपा के दो ही पार्षद हैं अजय साहू और मुरली शर्मा। इसमें से मुरली शर्मा का जोन अध्यक्ष चुना जाना तय है। उन्हें स्थानीय विधायक सुनील सोनी का वरदहस्त प्राप्त है।

जोन 5 में 3 दिग्गज पार्षद हैं जिसमे सबसे वरिष्ठ आशु चंद्रवंशी हैं। उनके बाद दुर्गा यादराम साहू, सुमन अशोक पांडे, सरिता आकाश दुबे हैं, जिसमे से दो सुमन पांडे और सरिता दुबे एमआईसी में जा चुके हैं।

आशु को विधायक की नाराजगी के चलते स्थान मिलने की संभावना कम है। अब केवल दुर्गा यादराम साहू बचते है, लेकिन इसमें पहली बार पार्षद बने अम्बर अग्रवाल का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। जोन-6 में बद्री गुप्ता का अध्यक्ष बनना तय है।

जोन 7 में आनंद अग्रवाल या श्वेता विश्वकर्मा का नाम चर्चा में है। जोन-8 से प्रीतम सिंह ठाकुर का नाम आगे बताया जा रहा है। वहीं जोन 9 और 10 में 8-8 वार्ड आते हैं। इसलिए यहां पर परिवर्तन हो सकता है, फिर भी जोन 9 से प्रदीप कुमार वर्मा और 10 से सचिन मेघानी का नाम चर्चा में है।

Tags

Next Story