जगद्गुरु रामानंदाचार्य के सानिध्य में 250 परिवारों की घर वापसी

भाजपा नेता प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने लोगों के पैर धोकर किया स्वागत
छत्तीसगढ़ के गुढियारी स्थित दहीहांडी मैदान में शनिवार को जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी नरेंद्राचार्य के सानिध्य में 250 से अधिक परिवारों ने घर वापसी की। इस अवसर पर भाजपा नेता प्रबल प्रताप सिंह जूदेव और सच्चिदानंद उपासने भी उपस्थित रहे।
जूदेव ने लोगों के पैर धोकर किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने घर वापसी करने वाले परिवारों के पैर धोकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह परंपरा उनके पिता दिलीप सिंह जूदेव ने शुरू की थी, जो राजा होकर भी लोगों के पैर पखारते थे। उसी परंपरा को वे आगे बढ़ा रहे हैं।
बरगलाकर धर्म परिवर्तन कराया गया
प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए घर वापसी करने वाले लोगों ने बताया कि उन्हें बरगलाकर धर्म परिवर्तन कराया गया था। उन्हें कहा गया था कि यह परिवर्तन उनके स्वास्थ्य और जीवन के लिए लाभकारी होगा, लेकिन बाद में उन्हें उस धर्म में कोई संतोष नहीं मिला और उनका मोहभंग हो गया। उन्होंने कहा कि अब अपने मूल धर्म में लौटकर उन्हें आत्मिक शांति मिल रही है।
देशभर में 1 लाख 53 हजार परिवारों की घर वापसी
स्वामी नरेंद्राचार्य ने बताया कि वे अब तक देशभर में लगभग 1 लाख 53 हजार परिवारों की घर वापसी करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन गलत है और इसे रोकने के लिए सरकार को सख्त कानून बनाना चाहिए।
वेद आधारित शिक्षा पर जोर
स्वामी नरेंद्राचार्य ने आगे कहा कि सरकार को वेद आधारित स्कूलों का निर्माण करना चाहिए। इसके लिए वेद पाठशालाएं भी संचालित की जा रही हैं। उनका उद्देश्य है कि वेद आधारित शिक्षा के माध्यम से नए पुरोहित तैयार किए जाएं और हिंदू धर्म के सभी जातियों के बच्चे पुरोहित बन सकें।उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू राष्ट्र का निर्माण होना चाहिए और जो लोग बरगलाकर धर्म परिवर्तन कराते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
स्कूलों में धार्मिक पक्षपात पर जताई चिंता
भाजपा नेता प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने आरोप लगाया कि कुछ स्कूलों में प्रभु ईसा के बारे में इस तरह पढ़ाया जा रहा है जिससे कन्वर्जन को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि इस प्रवृत्ति को रोकने की आवश्यकता है।
