ट्रम्प के टैरिफ फैसले से शेयर बाजार में तूफानी तेजी, सेंसेक्स 2300 अंक उछला

ट्रम्प के टैरिफ फैसले से शेयर बाजार में तूफानी तेजी, सेंसेक्स 2300 अंक उछला
X
अमेरिकी राष्ट्रपति के टैरिफ फैसले के बाद शेयर बादार में जबरदस्त उछाल देखने को मिली है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत पर लगाए जाने वाले टैरिफ को 50% से घटाकर 18% कर दिया है। जिसके बाद भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। बाजार खुलते ही निवेशकों में उत्साह दिखा और सेंसेक्स करीब 2300 अंक (2.40%) चढ़कर 84,600 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं निफ्टी 700 अंक (2.75%) की मजबूती के साथ 25,800 के आसपास ट्रेड कर रहा है।

रियल्टी, ऑटो और IT शेयरों में जबरदस्त खरीदारी

आज के कारोबार में रियल्टी, ऑटो और आईटी सेक्टर के शेयर सबसे ज्यादा चमके। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में लगभग 5% की उछाल दर्ज की गई। आईटी और ऑटो इंडेक्स करीब 4% मजबूत हुए। मेटल, फार्मा, हेल्थकेयर और बैंकिंग सेक्टर में भी करीब 3% की तेजी रही। निफ्टी 50 के 46 शेयर हरे निशान में जबकि केवल 4 शेयरों में गिरावट देखी गई।

बजट के बाद बाजार ने पकड़ी रफ्तार

1 फरवरी को बजट में STT टैक्स बढ़ाने के ऐलान से बाजार दबाव में आ गया था और सेंसेक्स 1,546 अंक गिरकर बंद हुआ था। हालांकि 2 फरवरी को बाजार ने रिकवरी दिखाई और सेंसेक्स 943 अंक चढ़कर 81,666 पर बंद हुआ। वहीं, आज भारत-अमेरिका ट्रेड डील की खबर ने बाजार को और मजबूती दी है। ट्रेड डील से अडाणी ग्रुप के शेयरों में उछाल देखने को मिली।

भारत-अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील का सबसे ज्यादा असर अडाणी ग्रुप के शेयरों में देखने को मिला। जानकारी के मुताबिक, अमेरिका में अडाणी ग्रुप की मजबूत मौजूदगी के चलते निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। अडाणी ग्रुप के शेयरों में उछाल कुछ इस प्रकार रही-

  • अडाणी ग्रीन: 12.87% उछलकर ₹951.35
  • अडाणी एंटरप्राइजेज: 11.4% बढ़कर ₹2,222.35
  • अडाणी पोर्ट्स: 8.35% की तेजी के साथ ₹1,519.80
  • अडाणी पावर: 7.75% चढ़कर ₹145

ट्रम्प का बयान: भारत से ट्रेड डील पर सहमति

2 फरवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील पर सहमति बन गई है। जिसके तहत टैरिफ को 50% से घटाकर 18% किया जाएगा। इसके बदले भारत रूस से तेल खरीद कम करेगा और अमेरिका से ऊर्जा, टेक्नोलॉजी और कृषि उत्पादों की खरीद बढ़ाएगा।

अब यह जान लेते हैं कि इस ट्रेड डील से भारत को क्या फायदे होने वाले हैं। टैरिफ घटने से भारत को होने वाले 5 बड़े फायदे कुछ इस प्रकार हैं-

भारत के प्रोडक्ट अमेरिका में सस्ते मिलेंगे – अगर टैरिफ 50% से घटाकर 18% कर दिया गया, तो इसका सीधा फायदा प्रोडक्ट पर पड़ेगा। यानी जब टैरिफ कम होगा, तो भारत के प्रोडक्ट अमेरिका में सस्ते बिकेंगे। जिससे उन प्रोडक्ट्स की मांग भी बढ़ेगी।

टेक्सटाइल सेक्टर को बढ़ावा – टेक्सटाइल इंडस्ट्री में बड़ा फायदा देखने को मिल सकता है। क्योंकि अमेरिका भारत के कुल टेक्सटाइल निर्यात का 28% हिस्सा है। टैक्स कम होने से इसकी मांग पर ज्यादा असर पड़ सकता है।

ऑटो और इंजीनियरिंग कंपनियों को नए ऑर्डर – भारत से अमेरिका मशीनरी और ऑटो पार्ट्स भी बड़े पैमाने पर जाते हैं। टैक्स घटने से इन कंपनियों का मुनाफा बढ़ेगा और उन्हें अमेरिका से नए और बड़े ऑर्डर मिलने में आसानी होगी।

सीफूड और ज्वैलरी कारोबार को राहत – टैरिफ घटने के बाद इन सेक्टर्स में मुनाफा बढ़ेगा।

शेयर बाजार और रुपये को सपोर्ट – निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और रुपया मजबूत होगा।

Tags

Next Story