चांदी उछलकर 2.62 लाख किलो, सोना भी 3,515 महंगा, खरीदारी जारी

नई दिल्ली। सोना-चांदी के बाजार में आज यानी 9 फरवरी को एक बार फिर तेज हलचल देखने को मिली। पिछले कुछ दिनों की गिरावट के बाद दोनों कीमती धातुओं में जोरदार उछाल दर्ज किया गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक 24 कैरेट सोने और चांदी दोनों के दाम आज काफी बढ़े हैं. 10 ग्राम 24 कैरेट सोना आज 3,515 रुपए महंगा होकर 1,55,593 रुपए पर पहुंच गया। इससे पहले इसका भाव 1,52,078 रुपए था।
चांदी में जोरदार तेजी, एक दिन में ₹17 हजार से ज्यादा उछाल
चांदी की बात करें तो इसमें आज और भी तेज बढ़त देखने को मिली। चांदी 16,826 रुपए उछलकर 2,61,755 रुपए प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई। इससे पहले इसका भाव 2,44,929 रुपए प्रति किलो था। सर्राफा बाजार में इससे पहले 29 जनवरी को सोने ने 1,76,121 रुपए और चांदी ने 3,85,933 रुपए प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था। उसके बाद दोनों में लगातार गिरावट देखने को मिली थी।
निचले स्तर पर निवेशकों की एंट्री
पिछले तीन कारोबारी सत्रों में सोने-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट आई थी। इस दौरान सोना करीब 15 फीसदी तक सस्ता हो गया था। जैसे ही कीमतों में स्थिरता के संकेत मिले, निवेशकों ने निचले स्तर पर खरीदारी शुरू कर दी। बाजार से जुड़े जानकारों का कहना है कि यही वजह है कि आज दोनों धातुओं में अचानक तेज उछाल देखने को मिला।
एकमुश्त निवेश से बचने की सलाह
हालांकि एक्सपर्ट्स फिलहाल सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि सोना-चांदी अभी भी अस्थिर दायरे में है। ऐसे में एकमुश्त बड़ी रकम लगाने के बजाय धीरे-धीरे चरणबद्ध निवेश करना ज्यादा सुरक्षित और फायदेमंद हो सकता है। आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार, डॉलर की चाल और ब्याज दरों से जुड़े संकेत सोने-चांदी की कीमतों की दिशा तय करेंगे। फिलहाल बाजार की नजर अगले कारोबारी सत्रों पर टिकी हुई है.
