Gukesh beats Ding: शतरंज की दुनिया में नई सनसनी मचाने वाले गुकेश ने इतिहास रच दिया है, जी हाँ 18 वर्षीय भारतीय ग्रैंडमास्टर गुकेश ने गुरुवार को सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया है। उन्होंने फाइनल में चीन के गत चैंपियन डिंग लिरेन को 7.5-6.5 से हराया। यह खिताब जीतकर वे दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पूर्व 1985 में रूस के गैरी कास्पारोव ने 22 साल की उम्र में खिताब जीता था।
विश्वनाथन आनंद के बाद दूसरे भारतीय खिलाड़ी
गुकेश शतरंज के विश्व चैंपियन बनने वाले भारत के दूसरे खिलाड़ी हैं। वर्ष 2012 में विश्वनाथन आनंद ने शतरंज चैंपियन बनकर लोगों को गौरवान्वित किया था। गुकेश ने महज 17 साल की उम्र में फिडे कैंडिडेट्स शतरंज टूर्नामेंट भी जीता था। तब वह यह खिताब जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बने थे।
डी गुकेश गुरुवार को मौजूदा चैंपियन डिंग लिरेन को हराकर सबसे कम उम्र के विश्व शतरंज चैंपियन बने थे। 14 कठिन गेम के बाद पूरी प्रतियोगिता जीतने के बाद वह भावनाओं से अभिभूत थे। चेस डॉट कॉम ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें डी गुकेश की खुशी साफ़ नज़र आ रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक सभी ने उन्हें बधाई दी है। राष्ट्रपति ने लिखा है- विश्व शतरंज चैंपियनशिप जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने पर गुकेश को बधाई। उन्होंने भारत को बहुत गौरवान्वित किया है। उनकी जीत शतरंज की महाशक्ति के रूप में भारत की साख को दर्शाती है। गुकेश ने शानदार प्रदर्शन किया है। मैं हर भारतीय की ओर से कामना करती हूं कि आप भविष्य में भी इसी तरह सफल होते रहें।
इस गौरवपूर्ण क्षण में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए डी गुकेश को विश्व चैंपियनशिप जीतने पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, गुकेश डी को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई। इसके साथ ही उन्होंने गुकेश की तारीफ करते हुए कहा कि यह उनकी अद्वितीय प्रतिभा, कड़ी मेहनत और अटूट दृढ़ संकल्प का नतीजा है।