Operation Sindoor : भारत ने आधी रात को पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिन्दूर लॉन्च कर दिया है। पाकिस्तान में करीब 9 जगह पर भारत द्वारा एयर स्ट्राइक किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस बीच ऑपरेशन सिन्दूर से बौखलाया पाकिस्तान ने LOC और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आर्टिलरी फायरिंग कर दी है। इस फायरिंग में 3 लोगों की मौत हुई है।
भारतीय सेना की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 6-7 मई 2025 की रात को पाकिस्तानी सेना ने मनमाने तरीके से गोलीबारी की, जिसमें जम्मू-कश्मीर के सामने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार चौकियों से तोपखाने से गोलाबारी भी शामिल थी। अंधाधुंध गोलीबारी में तीन निर्दोष नागरिकों की जान चली गई। भारतीय सेना उचित तरीके से जवाब दे रही है।
बता दें कि, भारतीय सेना द्वारा सफलतापूर्वक निशाना बनाए गए नौ ठिकानों में से चार पाकिस्तान में और पांच पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हैं। पाकिस्तान में स्थित ठिकानों में बहावलपुर, मुरीदके और सियालकोट शामिल हैं। आतंकी शिविरों को निशाना बनाने के लिए विशेष सटीक हथियारों का इस्तेमाल किया गया। तीनों सेनाओं ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन को अंजाम दिया है।