धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन, मुंबई में अंतिम संस्कार, बॉलीवुड ने दी भावुक विदाई

धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन, मुंबई में अंतिम संस्कार, बॉलीवुड ने दी भावुक विदाई
X
एक्टर धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन: विले पार्ले श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार, हेमा-ईशा,अमिताभ, सलमान-आमिर भी मौजूद रहे

बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार दोपहर निधन हो गया। 89 वर्षीय अभिनेता ने अपने मुंबई स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। उनकी सेहत पिछले कुछ महीनों से खराब चल रही थी। दोपहर होते-होते उनके घर के बाहर हलचल बढ़ी और करीब एक बजे एम्बुलेंस पहुंचने के बाद स्थिति स्पष्ट होती चली गई। विले पार्ले श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम मौजूद रहे। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान, संजय दत्त और अनिल कपूर सहित कई कलाकार वहां पहुंचे।

सुबह की लचल और दोपहर की खामोशी

उनके घर के बाहर दोपहर करीब एक बजे एम्बुलेंस पहुंची। माहौल अचानक बदल गया। सिक्योरिटी बढ़ी, बैरिकेडिंग की गई और लोगों में बेचैनी फैल गई। कुछ ही मिनट बाद यह खबर बाहर आई कि धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर विले पार्ले श्मशान भूमि ले जाया गया। वहीं से तस्वीरें आने लगीं हेमा मालिनी, ईशा देओल, परिवार के बाकी सदस्य… सभी की आंखों में वही खालीपन, जिसे शब्दों में पिरोना मुश्किल है। परिवार के सदस्यों के साथ ही इंडस्ट्री के लोग खामोशी में खड़े रहे।

धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में रहे, जिन्होंने कई दशक तक अपनी उपस्थिति बनाए रखी। एक्शन हो या रोमांस, गांव की पृष्ठभूमि वाले किरदार हों या पारिवारिक फिल्में उनकी मौजूदगी स्क्रीन पर सहजता से असर छोड़ती रही। उनके निधन के साथ इंडस्ट्री ने एक ऐसा चेहरा खो दिया है, जिसने हिंदी फिल्मों को कई यादगार पल दिए। धर्मेंद्र की खासियत यही थी कि वे सिर्फ पर्दे पर नहीं जीते थे। उनके संवाद, उनका अंदाज, उनका सरल और जमीन से जुड़ा स्वभाव… हर चीज लोगों के दिलों में बसा हुआ था। आज के दौर में जब सितारे सोशल मीडिया के आंकड़ों से बनते-बिगड़ते दिखते हैं, धर्मेंद्र जैसे लोग अलग खड़े दिखाई देते हैं। वे याद दिलाते हैं कि सिनेमाई महानता चमक से नहीं, इमानदारी से बनती है।

बीमारी से जूझते हुए भी जिद थी जीने की

कुछ समय से धर्मेंद्र उम्र से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे थे। 10 नवंबर को उन्हें अचानक सांस लेने में दिक्कत हुई। उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया और कुछ समय वैंटिलेटर पर भी रखा गया। उन दिनों कई बार खबर फैल गई कि उनका निधन हो गया है, लेकिन परिवार ने साफ कहा कि वे ठीक हो रहे हैं। 12 नवंबर को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया और डॉक्टरों ने घर पर इलाज जारी रखने की सलाह दी। धर्मेंद्र चले गए, लेकिन उनकी फिल्में, उनका अंदाज और उनकी आत्मीयता हमेशा जिंदा रहेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा एक युग के अंत जैसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि "धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग के अंत का प्रतीक है। वह एक प्रतिष्ठित फिल्म हस्ती थे, एक अद्भुत अभिनेता, जिन्होंने हर किरदार में गहराई और आकर्षण भरा। विभिन्न भूमिकाओं को निभाने का उनका अंदाज अनगिनत लोगों के दिलों को छू जाता था। धर्मेंद्र जी को उनकी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए भी उतना ही सराहा जाता था। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।"

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लिखा, "वरिष्ठ अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। वे देश के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक थे और उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार किरदार निभाए। भारतीय सिनेमा की दुनिया में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने ऐसी विरासत छोड़ी है जो आने वाली पीढ़ियों के कलाकारों को प्रेरित करती रहेगी। मैं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करती हूं।"


Tags

Next Story