Mandsaur Accident: गहरे कुएं में कार गिरने से 12 लोगों की दर्दनाक मौत, CM समेत PM मोदी ने जताया शोक, सहायता राशि घोषित

Mandsaur Accident: मध्यप्रदेश। मंदसौर जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क हादसे के चलते एक कार गहरे कुएं में गिर गई जिससे 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और घायल लोगों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवारजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।
डॉ. मोहन यादव ने ट्वीट कर जानकारी दी कि मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए और सामान्य रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
प्रधानमंत्री ने मंदसौर हादसे पर जताया शोक
भीषण सड़क हादसे को लेकर प्रधानमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मंदसौर हादसे में लोगों की मृत्यु से अत्यंत दुखी हूं। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
प्रधानमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की भी घोषणा की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
मंदसौर में हुआ भीषण हादसा
मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और कुछ अन्य घायल हो गए। हादसा जिले के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के काचरिया गांव में हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरे कुएं में गिर गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही राज्य के डेप्युटी सीएम जगदीश देवड़ा ने रेस्क्यू स्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया। इस हादसे में मरने वालों में एक वह युवक भी शामिल था, जो अन्य लोगों की मदद करने के लिए कुएं में उतरा था, लेकिन वह भी अपनी जान गंवा बैठा।
मंदसौर हादसे में मौत की अधिकारिक पुष्टि डीआईजी मनोज सिंह ने की। कार में उन्हेल और रतलाम जिले के लोग सवार थे, जो रतलाम के खोजनखेड़ा गांव से नीमच जिले के आंत्री माताजी के दर्शन करने जा रहे थे। रास्ते में उनकी वेन एक बाइक से टकराई, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर रोड के किनारे स्थित बिना मुंडेर वाले कुएं में जा गिरी।
वेन के कुएं में गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे को देखकर एक स्थानीय युवक ने बहादुरी का परिचय देते हुए लोगों को बचाने के लिए कुएं में कूदकर जान जोखिम में डाली, लेकिन वह भी अपनी जान नहीं बचा सका।