प्‍लेन में बम की सूचना से हड़कंप: थाईलैंड में एअर इंडिया की फ्लाइट AI-379 की इमरजेंसी लैंडिंग

थाईलैंड में एअर इंडिया की फ्लाइट AI-379 की इमरजेंसी लैंडिंग
X

देश अभी अहमदाबाद विमान हादसे के सदमे से उभरा भी नहीं था कि शुक्रवार सुबह एअर इंडिया की एक और फ्लाइट को लेकर बड़ी खबर आ गई। आज फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI-379 में बम होने की सूचना मिली, जिसके बाद थाईलैंड में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। विमान में 156 यात्री सवार थे। जैसे ही बम की सूचना मिली, थाईलैंड के एयर ट्रैफिक कंट्रोल और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया। एयर इंडिया और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल एक्शन लेते हुए प्लेन को सुरक्षित लैंड कराया।

सभी यात्रियों को प्लेन से बाहर निकाल लिया गया है और फिलहाल उनकी सुरक्षा जांच की जा रही है। बम की जानकारी की पुष्टि या खंडन की आधिकारिक जानकारी अभी नहीं आई है।

कल अहमदाबाद में हुआ था बड़ा विमान हादसा, अब तक 265 शव मिले

इस घटना से ठीक एक दिन पहले गुरुवार दोपहर अहमदाबाद में एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान AI-171 लंदन के लिए उड़ान भरते ही क्रैश हो गया था। उस हादसे में अब तक 265 शव बरामद किए जा चुके हैं।

विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल थे। इसके अलावा, प्लेन एक मेडिकल हॉस्टल पर गिरा था, जहां से अब तक 5 और शव बरामद हुए हैं। इनमें MBBS के छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी शामिल हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन

इस दर्दनाक हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई। हादसे के वक्त वह लंदन जाने वाली इसी फ्लाइट में सवार थे। विमान में 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात थे। हादसे के बाद पूरा देश शोक में डूबा है। हादसे में केवल एक यात्री के जिंदा बचने की पुष्टि हुई है।

महज 24 घंटे के भीतर एअर इंडिया की दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जुड़ी गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। जहां एक फ्लाइट भीषण हादसे का शिकार हो चुकी है, वहीं दूसरी को संभावित खतरे की सूचना पर सुरक्षित लैंड कराना पड़ा। अब एयरलाइंस की सुरक्षा व्यवस्था और ऑपरेशनल सतर्कता पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

Tags

Next Story