पंजा और लालटेन वालों ने बिहार के गौरव को ठेस पहुंचाई: पीएम मोदी ने RJD - कांग्रेस पर साधा निशाना

सीवान, बिहार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार के दौरे पर हैं। उन्होंने अत्याधुनिक लोकोमोटिव को हरी झंडी दिखाई और आवास योजना के लाभार्थियों को उनके घर की चाबी दी। पीएम मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस और आरजेडी पर निशाना साधा।
पीएम मोदी ने कहा, "पंजा और लालटेन वालों ने मिलकर बिहार के गौरव को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने इतना लूटा कि गरीबी बिहार का दुर्भाग्य बन गई।बिहार में जंगलराज लाने वाले किसी तरह अपने पुराने कामों को दोहराने का मौका तलाश रहे हैं। आपको अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बहुत सतर्क रहना होगा। समृद्ध बिहार की यात्रा में ब्रेक लगाने वाले लोगों को दूर रखना होगा। ये लोग गरीबी हटाओ के नारे लगाते थे लेकिन एनडीए सरकार ने आपके वोट के बाद इसे संभव बनाया।"
4 करोड़ से अधिक गरीबों को पक्के घर मिले :
"बीते एक दशक में 4 करोड़ से अधिक गरीबों को पक्के घर मिल चुके हैं। ये सिर्फ चार दीवारें नहीं हैं, उन घरों में सपने सजते हैं, उन घरों में संकल्प पलते हैं। आने वाले समय में 3 करोड़ पक्के घर और तैयार होने जा रहे हैं। सेवा के काम में मैं रुकने वाला नहीं हूं।"
मोदी चैन की नींद नहीं सोएगा :
"मोदी चैन की नींद नहीं सोएगा, वो दिनरात आपके लिए काम करता रहेगा। बीते 11 वर्षों से हमारी सरकार गरीब के रास्ते की हर मुश्किल को दूर करने में जुटी हैं और आगे भी करती रहेगी। इतनी मेहनत करने के बाद आज ऐसे अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं।"
25 करोड़ भारतीयों ने गरीबी को पराजित किया :
"बीते एक दशक में रिकॉर्ड 25 करोड़ भारतीयों ने गरीबी को पराजित किया है। वर्ल्ड बैंक जैसी जानी-मानी संस्थाएं भारत की इस उपलब्धि की प्रशंसा कर रही हैं। भारत ने ये जो कमाल किया है, इसमें बिहार का, यहां नीतीश जी की सरकार का बहुत बड़ा योगदान है। आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए, आपके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपको बहुत ही सतर्क रहना है।"
बिहार में जंगलराज लाने वाले मौका ढूंढ रहे :
"समृद्ध बिहार की यात्रा पर ब्रेक लगाने के लिए तैयार बैठे लोगों को कोसों दूर रखना है। इसी समय बिहार में जंगलराज लाने वाले किसी तरह अपने पुराने कारनामें करने का फिर से मौका ढूंढ रहे हैं।"
"बिहार के आर्थिक संसाधनों पर कब्जा करें, इसके लिए वो तरह-तरह के हथकंड़े अपना रहे हैं। पिछले 10 वर्षों में बिहार में करीब 55 हजार किमी ग्रामीण सड़कें बनी हैं। 1.5 करोड़ से अधिक घरों को बिजली के कनेक्शन से जोड़ा गया है। 1.5 करोड़ घरों को पानी का कनेक्शन दिया गया है। 45 हजार से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर बनाए गए हैं।"
"बिहार की प्रगति के लिए हमें ये गति लगातार बढ़ाते रहना है। न लोगों ने ऐसी लूट-खसोट मचाई की गरीबी बिहार का दुर्भाग्य बन गई। अनेक चुनौतियों को पार करते हुए नीतीश जी के नेतृत्व में NDA सरकार बिहार को विकास की पटरी पर वापस लाई है। मैं बिहार वासियों को विश्वास दिलाने आया हूं कि हमने भले बहुत कुछ किया हो, करते रहे हैं, करते रहेंगे।"
"इतने से शांत होकर रहने वाला मोदी नहीं है। मुझे तो अभी बिहार के लिए और भी बहुत कुछ करना है।जिस बिहार ने सदियों तक भारत की प्रगति को नेतृत्व दिया। उसको पंजे और लालटेन के शिकंजे ने पलायन का प्रतीक बना दिया था। मेरे इस विश्वास का कारण बिहार के आप सभी लोगों का सामर्थ्य है।"
"आपने मिलकर बिहार से जंगलराज का सफाया किया है। यहां के हमारे नौजवानों ने तो 20 साल पहले के बिहार की बदहाली सिर्फ किस्सों और कथाओं में ही सुनी है। उन्हें अंदाजा ही नहीं है कि जंगलराज वालों ने बिहार की क्या हालत बना दी थी।"
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा -
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा, "जब से यहां एनडीए की सरकार बनी है तब से हमने बिहार के लिए बहुत कुछ किया है... लेकिन उससे पहले की सभी सरकारें, जो अब बेकार की टिप्पणियां करती रहती हैं, उन्होंने कभी कुछ नहीं किया। लोग अपने घरों से भी नहीं निकल पाते थे और उस समय बिहार में ऐसी बुरी स्थिति थी। क्या आपने पहले कभी इतनी बड़ी भीड़ देखी है जितनी आज पीएम मोदी के लिए यहां जुटी है?"
