Home > राज्य > अन्य > बिहार > 6 घंटे की बारिश में डूबा पटना, डिप्टी सीएम का घर जलमग्न, जनजीवन हुआ बेहाल

6 घंटे की बारिश में डूबा पटना, डिप्टी सीएम का घर जलमग्न, जनजीवन हुआ बेहाल

6 घंटे की बारिश में डूबा पटना, डिप्टी सीएम का घर जलमग्न, जनजीवन हुआ बेहाल
X

पटना। बिहार की राजधानी पटना में बीती रात हुई छह घंटे की बारिश ने शासन-प्रशासन के सुशासन और विकास के दावों की पोल खोल दी। पूरा शहर पानी-पानी हो गया। दोनों उप मुख्यमंत्री के आवास और विधानमंडल भी जलमग्न हो गए। हैरत वाली बात है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी एक बार सपरिवार तीन दिन तक पानी में घिरे रहे और एनडीआरएफ की टीम ने रेस्‍क्‍यू किया था।

बिहार में मानसून ने लोगाें पर आफत की बारिश कर दी। इससे माननीय भी बच नहीं सके। डिप्टी सीएम रेणु देवी के सरकारी आवास का नजारा तालाब जैसा हो गया है। उनका आवास थ्री स्टैंड रोड में है। इसमें शिफ्ट करने पर काफी पैसा खर्च किया गया था। केवल घास लगाने पर इसमें करीब छह लाख रुपये से ऊपर खर्च किए गए थे। इसके अलावा इनॉग्रेशन आदि में लाखों रुपये खर्च किया गया था। सरकार की योजना पर जमी खामियों की परतें बारिश ने धो दीं।

परेशानी का सामना -

नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी दूसरे डिप्टी सीएम तार किशोर प्रसाद के पास है यानी विभाग की जिम्मेदारी भाजपा के पास ही है। ऐसे में रेणु देवी का आवास डूबना आश्चर्य में डालता है। राजधानी के करबिगहिया में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कंकड़बाग अंचल में सभी पक्की सड़कों से बारिश का पानी निकल गया है। अनिसाबाद गोलंबर, गर्दनीबाग अस्पताल, यारपुर पुल, गोरिया मठ, आरब्लॉक और जीपीओ आदि में भी जलजमाव की स्थिति रही। राजवंशी नगर, शास्त्रीनगर और न्यू पाटलिपुत्र कालोनी में बारिश से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बुडको के सभी संप हाउस चालू रहे, जिससे पानी की निकासी लगातार होती रही। गांधी मैदान के चारों ओर से भी पानी की निकासी हो गई। राम गुलाम चौक पर भी बारिश का पानी निकल गया।

दूसरी बार डूबा डिप्टी सीएम का आवास

वर्ष 2019 की बारिश में तत्कालीन उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी अपने परिवार के साथ पानी में फंस गए थे। पटना के राजेंद्र नगर स्थित अपने घर में परिवार के साथ तीन दिनों से फंसे सुशील कुमार मोदी को एनडीआरएफ की टीम ने रेस्‍क्‍यू किया था। बाढ़ के बीच घर में फंसे डिप्टी सीएम के परिवार को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इस दौरान उनके घर न पानी था और न बिजली। उसी इलाके में अपने घर में फंसीं लोकगायिका शारदा ने भी मदद की गुहार लगाई थी। पटना में 2019 में हुई तेज बारिश में दो पूर्व मुख्यमंत्रियों सतेंद्र नारायण सिंह और जीतन राम मांझी के घरों में भी पानी घुस गया था।

Updated : 12 Oct 2021 10:26 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Prashant Parihar

पत्रकार प्रशांत सिंह राष्ट्रीय - राज्य की खबरों की छोटी-बड़ी हलचलों पर लगातार निगाह रखने का प्रभार संभालने के साथ ही ट्रेंडिंग विषयों को भी बखूभी कवर करते हैं। राजनीतिक हलचलों पर पैनी निगाह रखने वाले प्रशांत विभिन्न विषयों पर रिपोर्टें भी तैयार करते हैं। वैसे तो बॉलीवुड से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष रुचि है लेकिन राजनीतिक और अपराध से जुड़ी खबरों को कवर करना उन्हें पसंद है।  


Next Story
Top