बिहार में फिर से नीतीश कुमार: NDA की डबल सेंचुरी, महागठबंधन 32 सीटों पर सिमटा

बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना ने राजनीतिक तस्वीर लगभग साफ कर दी है। शुरुआती रुझानों से लेकर दोपहर तक के अपडेट में NDA ने 200 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाकर एकतरफा बढ़त हासिल की। इस चुनाव में न सिर्फ गठबंधन की वापसी हुई है, बल्कि JDU और BJP दोनों के लिए यह अलग-अलग तरह से अहम नतीजे लेकर आया है। तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव जैसे महागठबंधन के बड़े चेहरे पिछड़ते दिखे, जबकि NDA के उम्मीदवारों का प्रदर्शन रिकॉर्ड स्तर पर मजबूत रहा।
NDA की बड़ी छलांग, महागठबंधन को भारी नुकसान
243 सीटों वाले बिहार विधानसभा में NDA 204 से अधिक सीटों पर आगे है। यह 2020 की तुलना में 60–65 सीटों का बड़ा फायदा माना जा रहा है। दूसरी ओर महागठबंधन सिर्फ 32 सीटों पर सिमटता दिख रहा है, जिसमें RJD लगभग 26 सीटों पर और कांग्रेस केवल 4 सीटों पर आगे है। कांग्रेस ने इस बार 61 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा।
JDU का सबसे बड़ा उभार, BJP नंबर-1
पिछले चुनाव में 43 सीटों पर रुक गई JDU इस बार 75 से अधिक सीटों पर आगे है। इससे साफ है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी ने ग्रामीण और अति-पिछड़ा वर्ग वाले इलाकों में मजबूत वापसी की है। उधर, BJP 94 के करीब सीटों पर आगे है और सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आ रही है। इससे गठबंधन के भीतर ताकत का नया संतुलन दिखाई दे रहा है।
बड़े चेहरे पिछड़े, कई सीटों पर दिलचस्प मुकाबला
राघोपुर से तेजस्वी यादव पीछे चल रहे हैं, जबकि महुआ से उनके बड़े भाई तेजप्रताप यादव लगातार पिछड़ रहे हैं। दूसरी ओर NDA के कई दिग्गज उम्मीदवारों ने शुरुआती दौर से ही बढ़त बनाए रखी है।
- सम्राट चौधरी तारापुर से आगे
- मंत्री विजय चौधरी सरायरंजन से आगे
- अलीनगर से भाजपा प्रत्याशी और भोजपुरी सिंगर मैथिली ठाकुर भी बढ़त बनाए हुए
- छपरा से RJD प्रत्याशी खेसारी लाल पीछे
- दानापुर से बाहुबली रीतलाल यादव पीछे
- प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी और मुकेश सहनी की पार्टी का खाता खुलता नहीं दिख रहा।
रिकॉर्ड वोटिंग, शांतिपूर्ण काउंटिंग
इस बार चुनाव दो चरणों में हुए और 67.10% मतदान दर्ज किया गया, जो 2020 की तुलना में करीब 10 प्रतिशत अधिक है। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। मोतिहारी, पटना और मुजफ्फरपुर में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई। मुजफ्फरपुर के कुढ़नी सीट पर RJD और BJP उम्मीदवारों के बीच हल्का विवाद हुआ, जिसे पुलिस ने शांत कराया।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ और बढ़ती हलचल
जैसे-जैसे NDA की बढ़त बढ़ी, भाजपा और JDU कार्यालयों में जश्न शुरू हो गया। पटना में कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े के साथ जुटे रहे। JDU ने सोशल मीडिया पर "नीतीश मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे" पोस्ट किया, लेकिन 20 मिनट बाद इसे हटा दिया गया। इससे जेडीयू के अंदरूनी आत्मविश्वास और राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने इसे "डबल इंजन सरकार पर जनता का भरोसा" बताया, जबकि RJD और कांग्रेस नेताओं ने EVM और गिनती की गति को लेकर सवाल उठाए।
सीटों पर अपडेट
NDA के सभी 29 मंत्रियों ने बढ़त बनाए रखी
लोजपा (आर) 28 सीटों में से 21 पर मजबूत बढ़त
पूर्णिया की 7 में से 5 सीटों पर NDA आगे
बांका जिले की सभी 5 सीटों पर NDA बढ़त में
